Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

Odisha News : सेना के अधिकारी, उसकी मंगेतर पर हमले के विरोध में बीजद ने 6 घंटे के भुवनेश्वर बंद का आह्वान किया

September 22, 2024

Odisha News : सेना के अधिकारी, उसकी मंगेतर पर हमले के विरोध में बीजद ने 6 घंटे के भुवनेश्वर बंद का आह्वान किया

भुवनेश्वर। ओडिशा में विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) ने पुलिस हिरासत में सेना के एक अधिकारी और उसकी मंगेतर के साथ कथित मारपीट के विरोध में मंगलवार को भुवनेश्वर बंद का आह्वान किया है। बीजद विधायक अरुण कुमार साहू ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि यह बंद मंगलवार सुबह छह बजे से दोपहर तक छह घंटे की अवधि के लिये होगा। बीजद के उपाध्यक्ष देबी प्रसाद मिश्र ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी के अध्यक्ष नवीन पटनायक इस घटना से स्तब्ध हैं। हिरासत में यातना और यौन उत्पीड़न की घटना ने ओडिशा को शर्मसार कर दिया है।

पुलिस की बर्बरता के खिलाफ विरोध प्रदर्शन को तेज करने के लिए बंद का आयोजन किया जाएगा। काफी चर्चा के बाद हमने भुवनेश्वर में छह घंटे के बंद का आह्वान करने का फैसला किया है।’’ पटनायक ने शुक्रवार को इस मामले की अदालत की निगरानी में एसआईटी जांच और न्यायिक जांच की मांग की। बीजद ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित एक ज्ञपन भी सौंपा है और उनसे इस मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। सेना के अधिकारी और उनकी मंगेतर के साथ कथित रूप से उस समय मारपीट की गयी जब वे ‘रोड रेज’ की एक घटना में उत्पीड़न के बाद शिकायत दर्ज कराने भरतपुर पुलिस थाने गए थे।

सेना के अधिकारी की मंगेतर ने दावा किया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद उसका यौन शोषण किया गया। जबकि पुलिस ने आरोप लगाया कि महिला ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ र्दुव्‍यवहार किया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि सेना अधिकारी को अवैध रूप से हिरासत में लिया गया और उसे प्रताड़ित किया गया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें