Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओडिशा को मिलेगा विकास का नया रोडमैप, PM मोदी 60,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

September 27, 2025

ओडिशा को मिलेगा विकास का नया रोडमैप, PM मोदी 60,000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का करेंगे शिलान्यास और उद्घाटन

Odisha : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ओडिशा के झारसुगुड़ा में 60,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली बहु-क्षेत्रीय विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं में दूरसंचार, रेलवे, उच्च शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, कौशल विकास और ग्रामीण आवास जैसे अहम क्षेत्र शामिल हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

डिजिटल भारत की नई छलांग
डिजिटल कनेक्टिविटी को नई ऊंचाई पर पहुंचाते हुए प्रधानमंत्री   37,000 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 97,500 से अधिक 4G मोबाइल टावरों का उद्घाटन करेंगे। इनमें BSNL द्वारा संचालित 92,600 साइट्स शामिल हैं, जो देश के 26,700 से अधिक दूरस्थ और वामपंथ प्रभावित गांवों को जोड़ेंगी। खास बात यह है कि ये टावर सौर ऊर्जा से संचालित हैं, जो भारत में ग्रीन टेलीकॉम इन्फ्रास्ट्रक्चर की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है।

रेलवे परियोजनाओं से जुड़ेगा विकास
रेलवे क्षेत्र में प्रधानमंत्री संबलपुर-सरला रेल फ्लाईओवर का शिलान्यास, कोरापुट-बैगुडा लाइन के दोहरीकरण और मनाबर-कोरापुट-गोरपुर लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। साथ ही ब्रह्मपुर और सूरत के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाते हुए राज्यों के बीच सुगम, किफायती और आरामदायक परिवहन की नई शुरुआत करेंगे।

शिक्षा को मिली नई उड़ान
शिक्षा क्षेत्र में पीएम मोदी ने 8 IITs के विस्तार की घोषणा करेंगे, जिनमें करीब 11,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। इससे 10,000 नए छात्रों के लिए सीटें उपलब्ध होंगी और 8 रिसर्च पार्क विकसित किए जाएंगे। साथ ही MERITE योजना की शुरुआत की जाएगी, जिससे 275 इंजीनियरिंग और पॉलिटेक्निक संस्थानों में शिक्षा की गुणवत्ता और अनुसंधान को बढ़ावा मिलेगा।

कौशल विकास को बढ़ावा
ओडिशा में स्किल डेवलपमेंट प्रोजेक्ट – चरण II की शुरुआत करेंगे। पीएम मोदी बरहामपुर और संबलपुर में वर्ल्ड स्किल सेंटर, 30 आईटीआई को सेंटर ऑफ एक्सीलेंस और उत्कर्ष आईटीआई में बदलने की परियोजनाओं का शुभारंभ करेंगे। साथ ही 130 उच्च शिक्षण संस्थानों में वाई-फाई सुविधा समर्पित की जाएगी, जिससे 2.5 लाख से अधिक छात्र हर दिन मुफ्त डेटा का लाभ उठा सकेंगे।

स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक निवेश
स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में प्रधानमंत्री ने बरहामपुर के एमकेसीजी मेडिकल कॉलेज और संभलपुर के वीआईएमएसएआर को विश्वस्तरीय सुपर-स्पेशलिटी संस्थानों में तब्दील करने की आधारशिला रखेंगे। इन अस्पतालों में ट्रॉमा केयर, डेंटल कॉलेज, मातृ-शिशु सेवाएं और उन्नत मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर शामिल होंगे।

गरीबों को मिलेगा अपना घर
प्रधानमंत्री ने अंत्योदय गृह योजना के तहत 50,000 लाभार्थियों को पक्के घरों की स्वीकृति देंगे। यह योजना दिव्यांग, विधवा, गंभीर बीमारियों से पीड़ित और प्राकृतिक आपदाओं के शिकार ग्रामीण परिवारों के लिए आवासीय सुरक्षा सुनिश्चित करती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें