Site icon Dainik Savera Times

आत्महत्या नहीं, बल्कि सिस्टम द्वारा सुनियोजित हत्या, PM Modi दें जवाब : राहुल गांधी

Odisha Suicide Case

Odisha Suicide Case

Odisha Suicide Case : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की “व्यवस्था” पर ओडिशा के बालासोर में आत्महत्या करने वाली एक लड़की की हत्या का आरोप लगाया। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस मुद्दे पर चुप नहीं रहना चाहिए, बल्कि जवाब देना चाहिए।

एक शिक्षक द्वारा कथित “यौन उत्पीड़न” के मामले में न्याय न मिलने पर आत्महत्या करने वाली छात्रा ने सोमवार रात भुवनेश्वर के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में तीन दिनों तक जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करने के बाद दम तोड़ दिया। वह बालासोर के फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज में एकीकृत बी.एड. पाठ्यक्रम की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शिक्षक के खिलाफ ठोस कार्रवाई न होने से क्षुब्ध होकर छात्रा ने शनिवार को यह कदम उठाया और 95 प्रतिशत तक जल गई।

“भाजपा व्यवस्था द्वारा सीधी हत्या”
राहुल गांधी ने ‘X’ पर पोस्ट किया और आरोप लगाया, “ओडिशा में न्याय के लिए लड़ रही एक लड़की की मौत भाजपा व्यवस्था द्वारा सीधी हत्या है। उस बहादुर छात्रा ने यौन उत्पीड़न के खिलाफ आवाज उठाई, लेकिन न्याय पाने के बजाय उसे बार-बार धमकाया गया, परेशान किया गया और अपमानित किया गया।”

मासूम लड़की को आग लगाने पर मजबूर किया
उन्होंने कहा, “जिन पर उसे बचाने की ज़िम्मेदारी थी, वे उसे तोड़ते रहे। हर बार की तरह, भाजपा का सिस्टम अपराधी को बचाता रहा और एक मासूम लड़की को आग लगाने पर मजबूर कर दिया।” राहुल गांधी ने दावा किया कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि ‘सिस्टम’ द्वारा सुनियोजित हत्या थी।

देश आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहता है
उन्होंने कहा, “मोदी जी, ओडिशा हो या मणिपुर – देश की बेटियां जल रही हैं, टूट रही हैं, मर रही हैं। और आप चुप बैठे हैं।” राहुल गांधी ने कहा, “देश आपकी चुप्पी नहीं, जवाब चाहता है। भारत की बेटियां सुरक्षा और न्याय चाहती हैं।”

Exit mobile version