नेशनल डेस्क : रविवार तड़के ओडिशा तट के पास एक मालवाहक जहाज अचानक पलट गया, जिससे समुद्री क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में यह बात सामने आई है कि जहाज के एक हिस्से में पानी भरने लगा था, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह झुकने लगा। कुछ ही देर में जहाज अस्थिर होकर एक ओर झुक गया, जिससे उसमें रखे कंटेनर भी समुद्र में गिरने लगे। इस गंभीर स्थिति में भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और भारतीय नौसेना ने समय रहते मोर्चा संभाला। इसके साथ ही उन्होंने जहाज पर सवार सभी 24 यात्रियों को सुरक्षित बचा लिया। आइए जानते है इस खबर को विस्तार से…
कैप्टन, इंजीनियर समेत 24 लोग सुरक्षित
आपको बता दें कि इस INS सुजाता नाम के जहाज ने एक बड़ा हादसा होने से बचा लिया। दरअसल, इस जहाज पर फंसे तीन सबसे अहम क्रू सदस्य कैप्टन, चीफ इंजीनियर और सेकंड इंजीनियर को सुरक्षित बचा लिया। इससे पहले ही बाकी 21 क्रू सदस्य रेस्क्यू किए जा चुके थे। इस तरह सभी 24 लोग सुरक्षित बचा लिए गए।
समुद्र में गिरे कंटेनर, नुकसान का आकलन जारी
वहीं जहाज के पलटने से कुछ भारी कंटेनर पानी में गिर गए हैं। फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि इन कंटेनरों में क्या था और इससे समुद्र में कितना नुकसान हो सकता है। विशेषज्ञों की टीम स्थिति का आंकलन कर रही है, जिसे ‘रिस्क असेसमेंट’ कहा जाता है। साथ ही, जहाज को और अधिक नुकसान से बचाने और उसे स्थिर करने के प्रयास भी तेज़ कर दिए गए हैं।
लगातार निगरानी और सैल्वेज ऑपरेशन की तैयारी
भारतीय तटरक्षक बल के जहाज और एयरक्राफ्ट लगातार समुद्र में इस जहाज की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। टीमों के बीच तालमेल के साथ काम हो रहा है ताकि किसी भी तरह के और नुकसान को रोका जा सके। इसके साथ ही ‘सैल्वेज ऑपरेशन’ यानी जहाज को समुद्र से निकालने और सुरक्षित स्थान पर ले जाने की योजना भी बनाई जा रही है।
साहस और समर्पण से बची 24 जानें
यह हादसा काफी बड़ा हो सकता था, लेकिन भारतीय सुरक्षा बलों की मुस्तैदी और तेजी से की गई कार्रवाई की वजह से सभी 24 क्रू सदस्य सुरक्षित बचा लिए गए। यह एक बार फिर साबित करता है कि हमारे समुद्री सुरक्षा बल संकट की घड़ी में हमेशा तैयार रहते हैं और जान बचाने के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार रहते हैं।

