नेशनल डेस्कः ओडिशा के कटक शहर में स्थित SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में रविवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। जहां, रात करीब 3 बजे अस्पताल के ट्रॉमा केयर यूनिट के ICU में अचानक आग लग गई। इस हादसे में कुल 10 मरीजों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 7 मरीजों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 गंभीर रूप से झुलसे मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों के परिजन घबरा गए।
ICU में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जिस ICU में आग लगी थी वहां उस समय करीब 23 मरीज भर्ती थे। माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है, हालांकि अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी ने घटना की हाई लेवल जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि आग लगने की असली वजह पता चल सके।
#WATCH | कटक, ओडिशा: लोकल कॉर्पोरेटर दीपक कुमार दास ने कहा, “हमें सुबह 3 बजे पता चला। तो, मैं हॉस्पिटल पहुंचा। घटना सुबह करीब 2-2.30 बजे हुई। उस समय बारिश हो रही थी। मुझे मिली जानकारी के अनुसार, वहां शॉर्ट सर्किट हुआ था, जिससे यह हादसा हुआ… जांच से पता चलेगा कि यह हादसा पुराने… https://t.co/8EuCHUSk6N pic.twitter.com/kXvno3Tw4K
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
मरीजों और कर्मचारियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
आग लगने के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और कर्मचारियों ने तुरंत मरीजों को बाहर निकालना शुरू किया। कई मरीजों को सुरक्षित वार्डों में शिफ्ट किया गया। जो मरीज ज्यादा गंभीर थे, उन्हें अस्पताल की न्यू मेडिसिन ICU में स्थानांतरित किया गया। इस दौरान मरीजों को बचाने की कोशिश में कम से कम 11 अस्पताल कर्मचारी भी झुलस गए।
दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं
आग की सूचना मिलते ही तुरंत तीन दमकल गाड़ियों को अस्पताल भेजा गया। दमकल कर्मियों ने काफी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि जब तक आग पूरी तरह बुझाई गई, तब तक ICU में मौजूद कई मरीज बुरी तरह प्रभावित हो चुके थे। घटना के बाद अस्पताल में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
25-25 लाख रुपये मुआवजा देना का ऐलान
घटना की जानकारी मिलते ही ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी तुरंत कटक के SCB मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मौके का जायजा लिया और प्रभावित मरीजों तथा उनके परिजनों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद हादसे में जान गंवाने वाले हर मरीज के परिवार को 25-25 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।
#WATCH | ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कटक के SCB मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल के ट्रॉमा केयर ICU में लगी आग पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मौके का दौरा किया, न्यायिक जांच के आदेश दिए और मरीज़ों को सुरक्षित शिफ्ट करने का निर्देश दिया।
मुख्यमंत्री ने हर मृतक के परिजनों के लिए… pic.twitter.com/JZOIyARNKC
— ANI_HindiNews (@AHindinews) March 16, 2026
अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद अस्पताल में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कटक के जिला कलेक्टर और डीसीपी समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाया गया। इस हादसे के बाद अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था और बिजली सिस्टम पर भी सवाल उठने लगे हैं। पूरे मामले की जांच के बाद ही आग लगने की असली वजह सामने आ पाएगी।
ओडिशा का सबसे बड़ा अस्पताल है SCB मेडिकल कॉलेज
कटक का SCB मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ओडिशा का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल माना जाता है। यहां पूरे राज्य के अलग-अलग जिलों से लोग इलाज कराने आते हैं। इस बड़े अस्पताल में हुए इस हादसे ने पूरे राज्य को झकझोर कर रख दिया है।
मेष: दिन शुभ रहेगा...