Site icon Dainik Savera Times

ओडिशा: GRP कांस्टेबल की पीट-पीटकर हत्या के आरोप में अब तक 17 लोग गिरफ्तार

Moga Police Action

Moga Police Action

भुवनेश्वर: ओडिशा के भुवनेश्वर में राजकीय पुलिस बल (GRP) के कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वैन की पीट-पीटकर हत्या के मामले में एक अन्य आरोपी को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अब तक कुल 17 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, भुवनेश्वर के बाहरी इलाके स्थित बलिआंता थाना क्षेत्र के भिंगरपुर-काजा में सात मई को भीड़ ने स्वैन को एक खंभे से बांधकर कथित तौर पर बेरहमी से पीटा था, जिससे उसकी मौत हो गयी थी।

पुलिस ने बताया कि एक महिला ने कांस्टेबल पर उसके दोपहिया वाहन को टक्कर मारने के बाद दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया था, जिसके बाद लोगों ने स्वैन को खंभे से बांधकर पीटा था। ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने एक बयान में बताया कि भुवनेश्वर के पटिया इलाके के एक होटल से अशोक जेना (45) को गिरफ्तार किया गया है।

एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “जांच में आरोपी अशोक जेना की स्वैन की हत्या में संलिप्तता का पता चला।” उन्होंने बताया कि इस मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या 17 हो गई है।

गिरफ्तार किए गए 17 लोगों में से 11 को स्थानीय पुलिस ने मामले की जांच सीआईडी-अपराध शाखा को सौंपे जाने से पहले ही हिरासत में ले लिया था। अपराध शाखा ने बताया कि जांच प्राथमिकता के आधार पर जारी है और इस घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Exit mobile version