Site icon Dainik Savera Times

ओडिशा: मलकानगिरि में दो पांच लाख रुपये के इनामी माओवादी गिरफ्तार

मलकानगिरी। ओडिशा के मलकानगिरि जिले में शुक्रवार तड़के दो माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के एक बयान के अनुसार केशकवासी और राकेश उर्फ सनुकुंजम, दोनों ही भाकपा (माओवादी) के एरिया कमेटी के सदस्य थे और छत्तीसगढ़ के रहने वाले थे। दोनों पर पांच लाख रुपए का इनाम था। बयान के अनुसार जिला स्वैच्छिक बल और पुलिस ने मुठभेड़ के बाद मैथिली थाना क्षेत्र के साधीगुडा और तेंतुलीगुडा जंगलों में माओवादियों को गिरफ्तार किया। बयान के मुताबिक जिला पुलिस ने बृहस्पतिवार रात एक विशेष अभियान शुरू किया और शुक्रवार तड़के उसने माओवादियों के एक समूह को जंगल में भागते हुए देखा।

एक अधिकारी ने बताया,‘‘टीम ने उनका पीछा किया और उन्हें आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन चेतावनी को नजरअंदाज करते हुए माओवादियों ने पुलिस टीम पर गोलियां चला दीं और जंगल में भाग गए।’’ उन्होंने बताया, ‘‘जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं। इसके बाद इलाके की तलाशी के दौरान दो माओवादियों को पकड़ लिया गया। सुरक्षाकर्मियों के साथ हाथापाई के बाद वे पकड़ गये।’’ उन्होंने बताया कि माओवादी समूह के अन्य लोग भागने में सफल रहे। पुलिस अधीक्षक विनोद पाटिल ने बताया कि उनके पास से एक रिवॉल्वर,गोला-बारूद और विस्फोटक बरामद किया गया है।

ये भी पढ़ें- शेयर बाजार में बड़ी गिरावट, सेंसेक्स 1,800 अंक लुढ़का

Exit mobile version