Last Updated: October 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

ओम प्रकाश ने केंद्र सरकार से मांगी बंदूक, कहा – हम आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे

May 1, 2025

ओम प्रकाश ने केंद्र सरकार से मांगी बंदूक, कहा – हम आतंकवादियों को पाकिस्तान में घुसकर मारेंगे

लखनऊ : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने गुरुवार को कहा कि अगर केंद्र सरकार हमें बंदूक दे, तो हम पाकिस्तान में जितने भी आतंकवादी हैं, उन्हें घुसकर मारेंगे। उन्होंने ये बातें अपनी जाति की विशेषता के बारे में बताते हुए कही। उन्होंने कहा कि राजभर जाति के लोग हमेशा से ही लड़ाकू प्रवृत्ति के रहे हैं। अगर आप इतिहास में जाएंगे, तो सबसे ज्यादा अगर किसी ने मुगलों और अंग्रेजों के खिलाफ मोर्चा खोलने का काम किया था, तो वो हमारी ही जाति के लोग थे।

इसी वजह से अंग्रेजों ने हम लोगों को आपराधिक श्रेणी में डाल दिया था, लेकिन मैं समझता हूं कि यह गलत है। हम लोग आपराधिक प्रवृत्ति के नहीं, बल्कि साहसी लोग हैं। इस बीच, उन्होंने एक तर्क भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर आप किसी पंडित जी के बेटे को 100 रुपये देंगे और वहीं दूसरी तरफ आप राजभर के बेटे को 100 रुपये देंगे, तो पंडित जी का बेटा जहां मेले में जाकर रसगुल्ला खरीदेगा, वहीं दूसरी तरफ राजभर का बेटा बंदूक, कट्टा और गाड़ी खरीदेगा। इसके बाद घर जाकर रिहर्सल करेगा। हम लोग हथियार चलाने की ट्रेनिंग बचपन से ही लेते हैं।

अखिलेश यादव पर साधा निशाना

इसके अलावा, उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर जोरदार निशाना भी साधा। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव सिर्फ वोट की राजनीति करते हैं। इनका एकमात्र मकसद यही रहता है कि कैसे भी करके वोट बटोरा जाए। लेकिन, मैं एक बात दावे के साथ कह देना चाहता हूं कि आने वाले 22 सालों तक ये लोग सत्ता में नहीं आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पिछले आठ साल से ये लोग सत्ता से दूर हैं और मैं एक बात दावे के साथ कहता हूं कि आने वाले दिनों में भी ये लोग सत्ता से दूर ही रहेंगे।

ये लोग सिर्फ उल्टे-सीधे बयान ही देते रहेंगे, जैसा कि अब तक देते आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले 22 सालों तक ये लोग सत्ता में नहीं आएंगे। ये लोग इसी तरह से अपना टाइम पास करने के लिए कभी पोस्टर लगाएंगे, तो कभी किसी मुद्दे पर बयान देकर सुर्खियों बटोरने का प्रयास करेंगे, लेकिन मैं एक बात स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि इन सबके एवज में इन लोगों को कुछ भी मिलने वाला नहीं है।

अंबेडकर-अखिलेश फोटो विवाद पर उन्होंने कहा कि 2012 से पहले यही समाजवादी पार्टी के लोग मंचों से कहते थे कि अगर हम सत्ता में आएंगे, तो सबसे पहले बाबा साहेब अंबेडकर के नाम से बनाए गए पार्कों की जगह पर हम शौचालय बनवाएंगे। दलित समुदाय के कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं को सबसे पहले अगर किसी ने रोकने का काम किया था, तो वो समाजवादी पार्टी के लोग ही थे। अगर किसी ने मुस्लिमों और दलितों को लूटने का काम किया, तो वो समाजवादी पार्टी के लोग ही हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें