नेशनल डेस्क: कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि पीएम-किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त 19 नवंबर 2025 को जारी कर दी जाएगी। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के करोड़ों किसानों के बैंक खातों में सीधे 2,000 रुपये ट्रांसफर करेंगे।
कब शुरू हुई थी यह योजना?
पीएम-किसान सम्मान निधि योजना 24 फरवरी 2019 से देशभर में लागू है। इसके तहत हर पात्र किसान परिवार को साल में 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है, जिसे तीन किस्तों में (प्रत्येक 2,000 रुपये) भेजा जाता है। अब तक सरकार 20 किस्तों में 3.70 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि 11 करोड़ से अधिक किसानों तक पहुंचा चुकी है।
ये भी पढ़ें: कोबाल्ट खदान का पुल ढहने से 32 लोगों की मौत, वीडियो में दिखा खौफनाक मंजर
किस किसानों को इस बार पैसे नहीं मिलेंगे?
हालांकि 21वीं किस्त 19 नवंबर को जारी होगी, लेकिन कुछ किसानों के खाते में इस दिन पैसे नहीं पहुंच पाएंगे, जिनकी e-KYC पूरी नहीं हुई। यदि किसान ने अभी तक अपनी e-KYC नहीं करवाई या उसका आधार और बैंक खाता लिंक नहीं है, तो किस्त रुक सकती है। सरकार ने साफ कहा है कि जिनकी e-KYC अधूरी है, उन्हें तुरंत यह प्रक्रिया पूरी करनी चाहिए।
इन राज्यों के कुछ किसानों को पहले ही मिल चुकी है किस्त
पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के कुछ जिलों में किस्त पहले जारी कर दी गई थी, इसलिए वहां के किसानों को 19 नवंबर को 2,000 रुपये नहीं मिलेंगे।
कौन किसान योजना का लाभ ले सकता है?
पीएम-किसान योजना का लाभ वही किसान उठा सकते हैं, जिनके पास अपनी कृषि भूमि है और वे इसका विवरण पीएम-किसान पोर्टल पर दर्ज करते हैं। इसके लिए किसान के बैंक खाते में आधार लिंक हो, जमीन का सही रिकॉर्ड पोर्टल पर दर्ज हो और पंचायत या पटवारी स्तर पर होने वाले सत्यापन अभियान में जानकारी अपडेट की गई हो ज़रूरी है। सरकार समय-समय पर ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर किसानों का डेटा वेरिफाई करती रहती है।
ये भी पढ़ें: पाकिस्तान में गायब सरबजीत कौर का नया वीडियो आया सामने, जानें पूरा मामला
कैसे करें e-KYC ?
इस योजना के लिए e-KYC करना जरूरी है। यह तीन तरीकों से पूरी हो सकती है…
OTP आधारित e-KYC
आपके मोबाइल या बैंक खातों से जुड़े नंबर पर एक OTP आता है, जिसे भरकर प्रक्रिया पूरी हो जाती है।
बायोमेट्रिक e-KYC
CSC सेंटर पर जाकर फिंगरप्रिंट या बायोमेट्रिक के माध्यम से आपकी पहचान की पुष्टि की जाती है।
फेस ऑथेंटिकेशन e-KYC
मोबाइल कैमरा या वीडियो के जरिए चेहरे की पहचान की जाती है।
ऐसे चेक करें पीएम-किसान स्टेटस
यदि आप जानना चाहते हैं कि आपकी किस्त जारी हुई या नहीं, तो यह कदम उठाएं…
1. पीएम-किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
2. ‘Beneficiary Status / लाभार्थी स्थिति’ पर क्लिक करें
3. अपना आधार नंबर या बैंक खाता नंबर दर्ज करें
4. ‘Get Data / डेटा प्राप्त करें’ पर क्लिक करें
इसके बाद आपकी किस्त की स्थिति दिखाई देगी। किस्त जारी हुई या नहीं, किस्त रुकी है तो उसका कारण, नाम और रजिस्ट्रेशन की जानकारी, अगर कोई समस्या दिखे तो आप समय रहते शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

