Site icon Dainik Savera Times

भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा में भगदड़, एक श्रद्धालु की मौत; करीब 100 लोग घायल

Stampede at Puri Rath Yatra

Stampede at Puri Rath Yatra

नेशनल डेस्क: ओडिशा के पुरी में विश्व प्रसिद्ध भगवान जगन्नाथ रथयात्रा के दौरान गुरुवार को भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसे हालात बन गए। इस घटना में एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 100 लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु पुरी के बड़ा डांडा (ग्रैंड रोड) पर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथों के दर्शन और रथ खींचने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान भीड़ अचानक बेकाबू हो गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते कई लोग गिर पड़े, जिससे मौके पर अफरातफरी मच गई।


घटना में जिस श्रद्धालु की मौत हुई, उसे सांस लेने में तकलीफ होने के बाद गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के कई वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें भारी भीड़ और लोगों के बीच मची अफरातफरी साफ दिखाई दे रही है। कुछ वीडियो में सड़क पर लोगों की चप्पलें और अन्य सामान बिखरा हुआ भी नजर आ रहा है।

ODRAF- स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, ओडिशा डिजास्टर रैपिड एक्शन फोर्स (ODRAF) और स्वास्थ्य विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया और घायलों को एंबुलेंस के जरिए पुरी जिला मुख्यालय अस्पताल तथा अन्य चिकित्सा केंद्रों में भर्ती कराया गया।

प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर जल्द ही काबू पा लिया गया और भीड़ को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। हालांकि, प्रशासन की ओर से अभी तक घायलों की आधिकारिक संख्या और घटना के सटीक कारणों को लेकर विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Exit mobile version