Last Updated: November 5, 2026

Dainik Savera Times Logo

Badrinath Dham में जमीन विवाद को लेकर एक साधु ने की दूसरे साधु की हत्या

August 2, 2023

Badrinath Dham में जमीन विवाद को लेकर एक साधु ने की दूसरे साधु की हत्या

बद्रीनाथ: बद्रीनाथ धाम में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां जमीन विवाद को लेकर एक साधु ने हथौड़े से दूसरे साधु की हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसके बाद आरोपी साधु ने खुद थाने पहुंच कर अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में धर्मशाला के मैनेजर पूरन सिंह की ओर से पुलिस को तहरीर दी गई है जिसमें मामला जमीनी विवाद का बताया जा रहा है। थानाध्यक्ष कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि मंगलवार दोपहर में साधु मलरेड़ी नवीनरेड़ी उर्फ दत्तचैतन थाने पहुंचा और अपने साथी साधु रामदास उर्फ मोहन कृष्णानंद की हत्या करने की जानकारी दी। उसने बताया कि शव कमरे में ही रखा है। पुलिस टीम दत्तचैतन की निशानदेही पर बाबा काली कमली धर्मशाला पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया।

दत्तचैतन ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कुछ समय पहले गोपेश्वर के पास मंडल में आश्रम के लिए दो नाली भूमि खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर दोनों में विवाद चल रहा था। सोमवार रात को करीब साढ़े आठ बजे आरोपी साधु ने अपने हिस्से की जमीन बेचने की बात कही, जिसको लेकर दोनों में फिर विवाद शुरू हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दत्तचैतन ने हथौड़े से बाबा रामदास के सिर पर वार कर दिया जिससे उसकी मौत हो गई। उसने शव को कंबल में लपेटकर अपनी चारपाई के नीचे रख दिया। मंगलवार को पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। चमोली एसपी प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि हत्यारोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया गया है। साधु ने खुद ही अपना जुर्म स्वीकार कर लिया था। उसे न्यायायल में पेश किया जाएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें