Last Updated: November 9, 2026

Dainik Savera Times Logo

Congress ही बनाएगी भारत को सबसे मजबूत लोकतंत्र : Kamal Nath

February 10, 2024

Congress ही बनाएगी भारत को सबसे मजबूत लोकतंत्र : Kamal Nath

भोपालः मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आज कहा कि देश में अब जब विपक्ष को कमजोर करने की कोशिशें हो रहीं हैं, तब कांग्रेस ही इस तानाशाही का मुकाबला करते हुए देश को सबसे मजबूत लोकतंत्र बनाएगी। कमलनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया,‘‘कांग्रेस की विचारधारा सत्य, धर्म और न्याय की विचारधारा है। देश के सभी धर्म, जाति, क्षेत्र, भाषा और विचार के लिए कांग्रेस की विचारधारा में समान स्थान और सम्मान है। कांग्रेस पार्टी के 138 वर्ष के इतिहास में ज्यादातर समय संघर्ष और सेवा में गुजरा है।

आजादी की लड़ाई के आंदोलन में तानाशाही से संघर्ष में कांग्रेस के नेताओं में देश सेवा की होड़ लगी रही। आजादी के पश्चात राष्ट्र निर्माण ही कांग्रेस का एकमात्र ध्येय है।‘‘ उन्होंने कहा कि आज जब देश में विपक्ष को कमजोर करने की कोशिश हो रही है और लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं तब भी कांग्रेस पार्टी और उसकी विचारधारा ही तानाशाही का मुकाबला करेगी और देश को दुनिया का सबसे सुंदर और मजबूत लोकतंत्र बनाएगी।

कमलनाथ ने कहा कि हम गांधी, नेहरू और अंबेडकर के रास्ते पर चलकर स्वर्णिम भारत बनाएंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस का साथ छोड़ भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने की अटकलें जोरों पर हैं। इसी बीच आज उनकी ये पोस्ट राजनीतिक तौर पर खासी सुर्खियां बटोर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें