Site icon Dainik Savera Times

पोस्ट ऑफिस में पत्नी के साथ खोले खाता, हर महीने होगा हजारों का फायदा, जानें कैसे

Post Office scheme

Post Office scheme

नेशनल डेस्क: डाकघर की बचत योजनाएं लंबे समय से सुरक्षित निवेश के लिए लोगों की पहली पसंद मानी जाती हैं। पोस्ट ऑफिस में आरडी, टीडी, पीपीएफ, किसान विकास पत्र और मंथली इनकम स्कीम (MIS) जैसे कई बचत खाते खुलवाए जा सकते हैं। इन योजनाओं में निवेश करने पर अच्छा ब्याज मिलता है और पैसा भी सुरक्षित रहता है। इन्हीं में से एक लोकप्रिय योजना पोस्ट ऑफिस मंथली इनकम स्कीम है, जिसमें इस समय करीब 7.4 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है। इस योजना की खास बात यह है कि इसमें आपको सिर्फ एक बार पैसा जमा करना होता है और उसके बाद हर महीने तय ब्याज के रूप में आय मिलती रहती है।

पोस्ट ऑफिस की इस स्कीम में निवेश करने के बाद आपको 5 साल तक हर महीने ब्याज मिलता है। यह योजना उन लोगों के लिए काफी फायदेमंद मानी जाती है, जो नियमित मासिक आय चाहते हैं। अगर कोई व्यक्ति इस योजना में अपनी पत्नी या परिवार के किसी सदस्य के साथ मिलकर संयुक्त खाता खुलवाता है, तो उसे हर महीने अच्छा खासा ब्याज मिल सकता है। जॉइंट अकाउंट के जरिए इस स्कीम में अधिक निवेश की सुविधा मिलती है, जिससे मासिक आय भी ज्यादा हो जाती है।

इस योजना के तहत निवेश की न्यूनतम राशि 1000 रुपये तय की गई है। निवेशक इसमें सिंगल या जॉइंट दोनों प्रकार के खाते खुलवा सकते हैं। सिंगल अकाउंट में अधिकतम 9 लाख रुपये तक निवेश किया जा सकता है, जबकि जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपये तक जमा करने की अनुमति है। पोस्ट ऑफिस की इस योजना में एक संयुक्त खाते में अधिकतम तीन लोगों को शामिल किया जा सकता है।

अगर कोई व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ मिलकर जॉइंट अकाउंट में 15 लाख रुपये का निवेश करता है, तो उसे हर महीने लगभग 9250 रुपये तक का फिक्स ब्याज मिल सकता है। इस योजना में मिलने वाला ब्याज हर महीने सीधे निवेशक के बैंक खाते में भेज दिया जाता है, जिससे नियमित आय मिलती रहती है।

पोस्ट ऑफिस की मंथली इनकम स्कीम की अवधि 5 साल होती है। यानी 5 साल पूरे होने पर यह खाता मैच्योर हो जाता है। मैच्योरिटी के समय निवेश की पूरी मूल राशि निवेशक को वापस मिल जाती है। इस योजना में खाता खुलवाने के लिए निवेशक के पास पोस्ट ऑफिस में सेविंग्स अकाउंट होना जरूरी होता है। इसलिए अगर कोई व्यक्ति इस योजना में निवेश करना चाहता है तो सबसे पहले उसे पोस्ट ऑफिस में बचत खाता खुलवाना पड़ता है।

Exit mobile version