जम्मू : बीएसएफ ने मंगलवार को कहा कि उसने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान जम्मू में अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तानी रेंजर्स की बिना उकसावे की गोलीबारी और बमबारी का मुंहतोड़ जवाब देते हुए पाकिस्तान की 76 सीमा चौकियों और 42 अग्रिम रक्षा ठिकानों (एफडीएल) को निशाना बनाया। बीएसएफ ने बताया कि उसने उन 3 ‘आतंकी लॉन्च पैड’ को भी नष्ट किया, जहां से आतंकवादियों के घुसपैठ की आशंका थी। अधिकारियों ने बताया कि बीएसएफ की यह कार्रवाई पाकिस्तान द्वारा 60 भारतीय चौकियों और 49 अग्रिम रक्षा ठिकानों पर भारी गोलीबारी और बमबारी शुरू करने के बाद हुई, जिसका मकसद कथित तौर पर 40-50 आतंकवादियों को सीमा पार घुसपैठ कराना था।
बीएसएफ के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) चित्रपाल सिंह ने यहां संवाददाताओं को बताया कि पाकिस्तान की खुफिया एजैंसी आईएसआई द्वारा सुंदरबनी सैक्टर के पास संचालित एक प्रमुख ‘आतंकी लॉन्च पैड’ को नष्ट कर दिया गया है। उन्होंने कहा, ‘अब उस क्षेत्र से कोई हलचल नहीं देखी गई है।’ बीएसएफ के जम्मू फ्रंटियर के महानिरीक्षक (आईजी) शशांक आनंद ने कहा कि खुफिया जानकारी से पुष्टि हुई है कि कई ‘लॉन्च पैड’ नष्ट हुए हैं तथा सटीक हमलों के दौरान आतंकवादियों और पाकिस्तानी रेंजर्स में से कई की मौत हो गई। आईजी ने कहा, ‘चिकन नेक क्षेत्र के सामने लश्कर-ए-तोएबा के लॉन्च पैड को 9-10 मई की रात को एक विशेष हथियार प्रणाली का उपयोग करके नष्ट कर दिया गया।’ पाकिस्तानी रेंजर्स ने (अपने क्षेत्र के) कई गांव खाली करा लिए थे।
ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर के इन जिलों में एवलांच का खतरा, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट

