Site icon Dainik Savera Times

‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ, आतंकवादियों को हमारी सेना ने सिंदूर की शक्ति का अहसास कराया: PM Modi

अलीपुरद्वार (पश्चिम बंगाल): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीरवार को कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है और साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि आतंकवाद के प्रायोजकों को भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि पाकिस्तान को पहले ही ‘उसके घर में घुसकर 3 बार’ मारा जा चुका है।
‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद पश्चिम बंगाल में अपनी पहली रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने सिंदूर के साथ क्षेत्र के गहरे सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंध का जिक्र किया और दुर्गा पूजा के दौरान बंगाली महिलाओं द्वारा मनाए जाने वाले पारंपरिक अनुष्ठान ‘सिंदूर खेला’ का उल्लेख किया।

मोदी ने कहा, ‘मैं सिंदूर खेला की पवित्र भूमि पर खड़ा हूं, तो यह उचित है कि हम आतंकवाद के खिलाफ एक नए संकल्प ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बारे में बात करें।’ उन्होंने कहा, ‘पहलगाम हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। पश्चिम बंगाल में जो दर्द और गुस्सा है, उसे गहराई से समझा जा सकता है। मैं आपके आक्रोश को महसूस कर सकता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘आतंकवादियों ने हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाने की हिम्मत की। हमारी सेना ने उन्हें सिंदूर की शक्ति का एहसास कराया।’ मोदी ने कहा, ‘बंगाल की इस धरती से मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से घोषणा करता हूं कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ अभी खत्म नहीं हुआ है।’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘हमने सीमा पार आतंकी ढांचे को नष्ट कर दिया, जिसके बारे में पाकिस्तान ने कभी सोचा भी नहीं था। हमने पाकिस्तान को उसके घर में घुसकर 3 बार मारा है।’ पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठान को निशाने पर लेते हुए प्रधानमंत्री ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को संस्थागत रूप देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘आतंकवाद और सामूहिक हत्याएं ही पाकिस्तानी सेना की सबसे बड़ी दक्षता हैं। जब भी कोई युद्ध होता है, तो उन्हें हार का सामना करना पड़ता है।’

ये भी पढ़ें- Gold Price Crash: क्या 1 लाख से नीचे जाएगा सोने का रेट? एक्सपर्ट्स ने दी ये बड़ी सलाह

Exit mobile version