Last Updated: October 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Operation Trident: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश; 18 गिरफ्तार, अमित शाह ने एजेंसियों को दी बधाई

October 25, 2026

Operation Trident: अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश; 18 गिरफ्तार, अमित शाह ने एजेंसियों को दी बधाई

Operation Trident: केंद्र सरकार ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के जरिए नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को बताया कि एजेंसियों ने तीन राज्यों में छापेमारी करते हुए एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग्स तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया और 18 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “मोदी सरकार ने ‘ऑपरेशन ट्राइडेंट’ के जरिए नशीले पदार्थों के खिलाफ एक और जोरदार प्रहार किया है।” गृह मंत्री शाह ने बताया कि 23 अक्टूबर को एजेंसियों ने असम, मिजोरम और मणिपुर में 38 जगहों पर एक साथ छापेमारी की और एक अंतरराष्ट्रीय नार्को-कार्टेल को ध्वस्त कर दिया।

100 करोड़ रुपए से अधिक का हवाला लेनदेन
गृह मंत्री के अनुसार, इस ऑपरेशन से 100 करोड़ रुपए के हवाला लेनदेन का खुलासा हुआ और 1,424 बैंक खातों को फ्रीज कर दिया गया। अमित शाह ने बताया कि अधिकारियों ने 17.82 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की, 500 डेटोनेटर और 12 लाख रुपए नकद बरामद किए। साथ ही इस मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार किया।

अमित शाह ने ‘एक्स’ पोस्ट में कहा, “यह नेटवर्क ‘डेथ ट्रायंगल कॉरिडोर’ के जरिए भारत, म्यांमार और बांग्लादेश की सीमाओं से नशीले पदार्थों की तस्करी करता था।”

पुलिस बलों की टीमों को दी बधाई
गृह मंत्री ने कहा कि यह कार्रवाई 31 दिसंबर 2029 तक नशीले पदार्थों के हर नेटवर्क को खत्म करने के भारत के दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। उन्होंने कहा, “भारत तब तक प्रहार करता रहेगा, जब तक कि नार्को-कार्टेल का पूरी तरह से खात्मा नहीं हो जाता।” साथ ही, अमित शाह ने इस संयुक्त अभियान में शामिल केंद्रीय एजेंसियों और तीनों राज्यों की पुलिस बलों की टीमों को बधाई दी।

ये भी पढ़ें- रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने की उम्मीद बढ़ी, ट्रंप बोले- दोनों देशों के साथ कारोबार करेगा अमेरिका

 

देश को ड्रग्स मुक्त करने का रखा लक्ष्य
गौरतलब है कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार नशीले पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। सरकार का 31 दिसंबर 2029 तक देश को ड्रग्स की समस्या से पूरी तरह मुक्त करने का लक्ष्य है। 21 अक्टूबर को नई दिल्ली में ‘पुलिस स्मृति दिवस’ मौके पर बोलते हुए गृह मंत्री शाह ने घोषणा की कि केंद्रीय गृह मंत्रालय ने तय किया है कि अगले साढ़े तीन वर्षों (2027, 2028 व 2029) के दौरान नशीले पदार्थों (ड्रग्स) के खिलाफ एक संयुक्त लड़ाई लड़ी जाएगी।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें