Oracle Layoffs: टेक्नोलॉजी कंपनी ओरेकल में एक बार फिर कर्मचारियों की नौकरियों पर संकट आया है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, कंपनी ने नए दौर की छंटनी शुरू कर दी है। कई प्रभावित कर्मचारियों को सुबह ईमेल के जरिए बताया गया कि बड़े संगठनात्मक बदलाव के चलते उनकी भूमिका खत्म कर दी गई है। छंटनी की जानकारी सामने आने के बाद कई कर्मचारियों ने LinkedIn, Reddit और Blind जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपने अनुभव साझा किए। हालांकि, ओरेकल ने इस बार कितने कर्मचारियों की छंटनी की है। इसका आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है।
सोमवार से शुरू हुआ छंटनी का नया दौर
रिपोर्ट के अनुसार, ओरेकल में नौकरियों में कटौती का ताजा दौर सोमवार से शुरू हुआ। प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी की ओर से ईमेल भेजकर उनकी भूमिका समाप्त होने की जानकारी दी गई। कर्मचारियों को बताया गया कि कंपनी में बड़े स्तर पर संगठनात्मक बदलाव किए जा रहे हैं। इसी प्रक्रिया के तहत उनकी मौजूदा भूमिकाएं खत्म की गई हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि जिन कर्मचारियों को यह सूचना मिली, उनके लिए उसी दिन को आखिरी कार्यदिवस माना गया।
कर्मचारियों को भेजे गए ईमेल
कंपनी की ओर से भेजे गए नोटिफिकेशन में कर्मचारियों को उनके सिस्टम और कंपनी से जुड़े अन्य संसाधनों की पहुंच बंद किए जाने की जानकारी दी गई। ईमेल के मुताबिक, कर्मचारियों का कंप्यूटर, ईमेल, वॉइसमेल और फाइलों का एक्सेस जल्द बंद कर दिया जाना था। इसके बाद वे अपने कंपनी कंप्यूटर में लॉग इन नहीं कर सकते थे। कर्मचारियों को यह भी स्पष्ट किया गया कि कंपनी की किसी भी जानकारी को डाउनलोड करने, कॉपी करने या अपने पास रखने की अनुमति नहीं है।
AI और क्लाउड कारोबार के बीच हुई छंटनी
ओरेकल में यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है, जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI और क्लाउड सेवाओं की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने डेटा सेंटर नेटवर्क का तेजी से विस्तार कर रही है। कंपनी AI से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर पर बड़ी रकम खर्च कर रही है। इसके बावजूद कर्मचारियों की संख्या में कटौती का सिलसिला जारी है।
AI इंफ्रास्ट्रक्चर पर ओरेकल का बड़ा निवेश
ओरेकल ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में कैपिटल एक्सपेंडिचर यानी पूंजीगत खर्च के रूप में 28.5 अरब डॉलर खर्च किए। यह रकम पिछले साल की समान तिमाही में खर्च किए गए 8.5 अरब डॉलर के मुकाबले तीन गुना से भी ज्यादा है। कंपनी ने डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार के लिए पूरे वित्त वर्ष के पूंजीगत खर्च का अनुमान 90 अरब से 95 अरब डॉलर के बीच बनाए रखा है।
AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट में भी तेजी
ओरेकल के AI क्लाउड कारोबार में भी मांग बढ़ने की बात सामने आई है। कंपनी के अनुसार, तिमाही के दौरान उसे 30 अरब डॉलर से ज्यादा के नए AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट मिले। इन नए सौदों के बाद कंपनी की Remaining Performance Obligations यानी भविष्य में पूरे किए जाने वाले कॉन्ट्रैक्ट से जुड़ी कमाई का बैकलॉग बढ़कर 664 अरब डॉलर हो गया।
पहले भी बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की गई थी छंटनी
ओरेकल में मौजूदा छंटनी कोई पहला मामला नहीं है। कंपनी वित्त वर्ष 2026 में पहले ही बड़े स्तर पर कर्मचारियों की संख्या कम कर चुकी है। कंपनी की सालाना फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 के अंत तक ओरेकल के कर्मचारियों की संख्या करीब 1.41 लाख रह गई थी। इससे एक साल पहले कंपनी में लगभग 1.62 लाख कर्मचारी काम कर रहे थे। इस हिसाब से कंपनी के ग्लोबल वर्कफोर्स में करीब 21,000 कर्मचारियों यानी लगभग 13 फीसदी की कमी आई।
छंटनी और पुनर्गठन पर खर्च भी बढ़ा
कंपनी ने वित्त वर्ष 2026 में पुनर्गठन से जुड़ी छंटनी और अन्य कर्मचारियों के बाहर निकलने से संबंधित लागत पर करीब 1.84 अरब डॉलर खर्च किए। इससे पिछले वित्त वर्ष में यह खर्च लगभग 37.4 करोड़ डॉलर था। ओरेकल ने पहले संकेत दिया था कि कर्मचारियों की संख्या में कमी के पीछे कंपनी के कामकाज में AI को अपनाना और उसका इस्तेमाल बढ़ाना भी एक वजह रही है। इस तरह एक तरफ ओरेकल AI और क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर में अरबों डॉलर का निवेश कर रही है। वहीं दूसरी तरफ कंपनी के कर्मचारियों के लिए छंटनी का दौर भी जारी है।

