Last Updated: September 25, 2026

Dainik Savera Times Logo

Oscars 2023 : ‘ब्रांड इंडिया’ आ गया है, यह सिर्फ एक शुरुआत: Anurag Thakur

March 14, 2023

Oscars 2023 : ‘ब्रांड इंडिया’ आ गया है, यह सिर्फ एक शुरुआत: Anurag Thakur

नई दिल्लीः ऑस्कर पुरस्कार समारोह में भारत की उपलब्धियों की सराहना करते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को कहा कि ‘ब्रांड इंडिया’ आ गया है। साथ ही उन्होंने देश को दुनिया का ‘कंटेंट हब’ (विषय वस्तु का केंद्र) बनाने के लिए ठोस प्रयास करने का आह्वान भी किया। केंद्रीय मंत्री ने राज्यसभा में कहा कि ‘‘आरआरआर’’ के ‘‘नाटु नाटु’’ गीत ने न केवल देश का, बल्कि दुनिया भर का दिल जीता है। उन्होंने कहा, कि ‘यह भारत के लिए गर्व की बात है कि भारतीय फिल्म उद्योग ने ऑस्कर में दो पुरस्कार जीते हैं।’’ उन्होंने कहा, कि ‘ब्रांड इंडिया आ गया है और यह सिर्फ एक शुरुआत है। भारत में दुनिया का कंटेंट हब बनने की क्षमता है। आइए, हम भारत को दुनिया का कंटेंट हब बनाने के लिए मिलकर काम करें।’’ ज्ञात हो कि निर्देशक एसएस. राजामौली की फिल्म ‘आरआरआर’ के तेलुगु गीत ‘नाटु नाटु’ ने 95वें अकादमी पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ मूल (ओरिजनल) गीत की श्रेणी में ऑस्कर जीत कर इतिहास रच दिया है।

गीत ‘नाटु नाटु’ के संगीतकार एम. एम. कीरावानी हैं और गीतकार चंद्रबोस ने इसके बोल लिखे हैं। इसे स्वर काल भैरव और राहुल सिप्लीगुंज ने दिया है। ‘नाटु नाटु’ का मतलब होता है ‘नाचना’। कार्तिकी गोंजाल्विस द्वारा निर्देशित तमिल भाषा के वृत्तचित्र ‘द एलिफेंट व्हिस्पर्स’ ने ‘डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट सब्जेक्ट’ श्रेणी में भारत के लिए पहला ऑस्कर जीता। यह उल्लेख करते हुए कि आज कुछ भी क्षेत्रीय नहीं है, ठाकुर ने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री ने ‘लोकल टू ग्लोबल’ (स्थानीय से वैश्विक) का आह्वान किया है, ‘‘हमारा क्षेत्रीय अब अंतरराष्ट्रीय हो गया है और यह भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है’’।

उन्होंने कहा कि हालांकि ‘नाटु नाटु’ गीत तेलुगु में गाया गया था और इसे कई भाषाओं में डब किया गया, लेकिन आज यह दुनिया भर के करोड़ों लोगों के दिलों में धड़क रहा है और भारत का संगीत हर जगह अपनी धूम मचा रहा है। ठाकुर ने यह भी कहा कि ‘‘द एलीफेंट व्हिस्पर्स’’ वृत्तचित्र को तमिल में कम बजट में बनाया गया था, लेकिन इसने दुनिया भर में प्रशंसा हासिल की है। उन्होंने कहा, कि ‘मैं निर्माताओं को इसके लिए बधाई देता हूं।’’ केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सरकार ने अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में भारतीय फिल्मों को मंच प्रदान करने में मदद की है और कान फिल्म महोत्सव में भारत को सम्मानित देश का दर्जा दिया गया।

उन्होंने एक घटना का भी हवाला दिया, जिसमें मध्य एशिया से आए युवाओं के प्रतिनिधिमंडल ने एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भारतीय गीत गाए थे। ठाकुर ने यह भी कहा कि ‘‘आरआरआर’’ के पीछे का कहानीकार इस सदन का सदस्य है। गौरतलब है कि आरआरआर के पटकथा लेखक वी विजयेंद्र प्रसाद हैं जो राज्यसभा के सदस्य हैं। बाद में, सभापति जगदीप धनखड़ ने सुझाव दिया कि मंत्री को सत्ता पक्ष और विपक्ष के नेताओं से बात करने के बाद संसद सदस्यों व उनके परिवार के लिए ‘‘आरआरआर’’ और ‘‘द एलीफेंट व्हिस्पर्स’’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करनी चाहिए। ठाकुर इससे तुरंत सहमत हो गए और उन्होंने सभापति को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस संबंध में उचित कदम उठाएंगे और निमंत्रण लेकर सभापति के पास जाएंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें