Last Updated: October 19, 2026

Dainik Savera Times Logo

दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, सरकार गिराने के लिए ‘‘बड़े डाके’’ डालती है भाजपा : Mallikarjun Kharge

November 14, 2023

दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, सरकार गिराने के लिए ‘‘बड़े डाके’’ डालती है भाजपा : Mallikarjun Kharge

दतियाः मध्यप्रदेश में कमलनाथ की अगुवाई वाली कांग्रेस सरकार समेत अलग-अलग राज्यों की सरकारों को नाजायज तरीके से गिराने का आरोप भारतीय जनता पार्टी पर लगाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को कहा कि दूसरे लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, लेकिन भाजपा राज्यों की चुनी हुई सरकारें गिराने के लिए बड़े डाके डालती है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने सेवढ़ा विधानसभा क्षेत्र के इंदरगढ़ कस्बे में कांग्रेस की चुनावी सभा में कहा,‘‘वर्ष 2018 में आपने (मतदाताओं ने) मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाई। इन्होंने (भाजपा) कांग्रेस के विधायकों को लालच देकर एक स्थान पर ले जाने के बाद उन्हें रिश्वत दी और यह सरकार गिरा दी।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने इस तरह केवल मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि कर्नाटक, महाराष्ट्र, मणिपुर, गोवा और उत्तराखंड में भी ‘‘चोरी की सरकार’’ बनाई। मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, कि ‘बाकी लोग छोटी-मोटी चोरी करते हैं, पर भाजपा के लोग सरकारें बदलने के लिए बड़े-बड़े डाके डालते हैं।’’ कांग्रेस नेता ने मध्यप्रदेश के सीधी जिले में एक शख्स द्वारा एक आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब करने की घटना को लेकर भी भाजपा पर हमला बोला।

उन्होंने कहा, कि ‘बाद में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दिखावे के लिए इस व्यक्ति के पैर धोए, लेकिन पैर धोने से कुछ नहीं होगा। इस व्यक्ति की गरीबी हटाइए, उसके पेट को खाना, तन को कपड़ा और उसे रहने को मकान दीजिए।’’ मल्लिकार्जुन खड़गे ने दावा किया कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार जातिगत जनगणना की मांग का विरोध कर रही है। उन्होंने कहा, कि ‘हमारी सरकार आने पर हम जातिगत जनगणना जरूर कराएंगे, जिसका समाज के सभी तबकों को लाभ होगा। चंद लोग जनता को भड़का रहे हैं कि इस तरह की गिनती का फायदा केवल कुछ ही वर्गों को होगा।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री मोदी पर जनता से झूठे चुनावी वादे करने का आरोप लगाया और कहा, कि ‘चुनावों के वक्त मोदी खुद को गरीब का बेटा बताते हैं और कहते हैं कि उनकी मां दूसरों के घरों में बर्तन मांजती थी। देश में कई महिलाएं आज भी दूसरों के घरों में बर्तन मांजकर परिवार का पाल रही हैं और उनके बच्चों को पौष्टिक आहार नहीं मिल पाता।’’ मल्लिकार्जुन खड़गे ने देश में कथित रूप से 30 लाख सरकारी पद खाली रहने पर मोदी सरकार को घेरते हुए कहा कि इन ओहदों पर केवल 10,000 से 20,000 लोगों की भर्तियां की जा रही हैं और दिखावे के लिए बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित करके चुनिंदा युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे जा रहे हैं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें