Last Updated: October 7, 2026

Dainik Savera Times Logo

स्कूल में दोपहर का खाना खाने के बाद 70 से ज्यादा बच्चे पड़े बीमार, मची अफरा-तफरी

February 8, 2026

स्कूल में दोपहर का खाना खाने के बाद 70 से ज्यादा बच्चे पड़े बीमार, मची अफरा-तफरी

नेशनल डेस्क। बिहार के मधेपुरा जिले में शनिवार को एक स्कूल में बड़ा हड़कंप मच गया। जहां, दोपहर का भोजन करने के कुछ ही देर बाद 70 से ज्यादा स्कूली बच्चे अचानक बीमार पड़ गए। बच्चों ने उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना, घबराहट और बेचैनी जैसी शिकायतें करनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते स्कूल का माहौल अफरा-तफरी में बदल गया।

किस स्कूल में हुई घटना
यह घटना मधेपुरा सदर ब्लॉक के साहूगढ़ स्थित कारू टोला के एक अपग्रेडेड मिडिल स्कूल में हुई। मिड-डे मील खाने के बाद बच्चों की तबीयत बिगड़नी शुरू हुई। जैसे ही यह खबर फैली, अभिभावक घबराकर स्कूल पहुंचने लगे।

तुरंत अस्पताल पहुंचाए गए बच्चे
स्कूल प्रशासन और स्थानीय लोगों ने बिना देर किए बीमार बच्चों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। एम्बुलेंस कम पड़ने पर कई बच्चों को निजी गाड़ियों से मधेपुरा सदर अस्पताल ले जाया गया। एक साथ इतने बच्चों के बीमार होने से अस्पताल में भी हड़बड़ी मच गई।

अस्पताल में हालात कैसे रहे?
अस्पताल में मरीजों की अचानक बढ़ी संख्या से काफी दबाव बन गया। हालत यह थी कि एक-एक बेड पर चार-चार बच्चों को लिटाकर इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों और नर्सों ने तेजी से इलाज किया। लगभग दो घंटे की मेहनत के बाद बच्चों की हालत में सुधार आने लगा और स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हुई।

खाने में छिपकली गिरने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मिड-डे मील योजना के तहत जो खाना स्कूल में भेजा गया था, उसमें कथित तौर पर छिपकली गिर गई थी। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले की सच्चाई जानने के लिए खाने के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।

डीईओ ने लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) संजय कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों का हाल जाना और डॉक्टरों से बात की। डीईओ ने कहा कि मामले की पूरी जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने साफ कहा, “अगर जांच में किसी तरह की लापरवाही या गड़बड़ी पाई जाती है, तो संबंधित एनजीओ और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।”

प्रशासन सतर्क, जांच जारी
फिलहाल सभी बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।

 

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें