Site icon Dainik Savera Times

पहलगाम हमले में मारे गए कारोबारी शुभम द्विवेदी के परिजन से मुलाकात करेंगे प्रधानमंत्री

Pahalgam Terror Attack

Pahalgam Terror Attack

Pahalgam Terror Attack : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शुक्रवार को अपने कानपुर के दौरे के दौरान पहलगाम आतंकवादी हमले में मारे गए कारोबारी शुभम द्विवेदी के परिवार से मुलाकात करेंगे। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी चकेरी हवाई अड्डे पर उतरने के तुरंत बाद शुभम की पत्नी ऐशान्या, पिता संजय द्विवेदी तथा मां सीमा द्विवेदी से मुलाकात करेंगे। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों को प्रधानमंत्री कार्यालय के इस फैसले से अवगत करा दिया गया है।’’

इस बीच, ऐशान्या ने बताया, ‘‘हमें प्रधानमंत्री कार्यालय के फैसले के बारे में बता दिया गया है। प्रधानमंत्री चकेरी हवाई अड्डे पर हमसे मुलाकात करेंगे।’’ एक सप्ताह पहले कानपुर से सांसद रमेश अवस्थी ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से, पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए स्थानीय निवासी शुभम द्विवेदी के परिवार से मिलने का अनुरोध किया था। सांसद ने प्रधानमंत्री से 30 मई को कानपुर दौरे के दौरान शोकाकुल परिवार से मिलने का आग्रह किया था।

अवस्थी ने कहा था कि उन्होंने प्रधानमंत्री कार्यालय को जो पत्र भेजा है, उसमें परिवार ने ऑपरेशन सिंदूर के लिए प्रधानमंत्री मोदी को धन्यवाद दिया है। उनके अनुसार, दिवंगत कारोबारी के परिजन को लगता है कि आतंकी हमले के जवाब में भारत द्वारा चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर से शुभम की आत्मा को शांति मिली होगी और इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री को धन्यवाद देने की इच्छा व्यक्त की है।

पिछले महीने 22 अप्रैल को पहलगाम के बैसरन में हुए आतंकवादी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी जिनमें कानपुर निवासी व्यवसायी शुभम (31) भी शामिल थे। शुभम की शादी इसी साल 12 फरवरी को हुई थी। 24 अप्रैल की सुबह शुभम का अंतिम संस्कार किया गया था।

Exit mobile version