Site icon Dainik Savera Times

पहलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले शुभम द्विवेदी के परिजनों से आज मिलेंगे राहुल गाँधी

Pahalgam Terrorist Attack : जम्मू-कश्मीर के पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले कानपुर के शुभम द्विवेदी के परिजनों से आज राहुल गांधी मिलेंगे। इस दौरान वह उनके परिजनों से मिलकर दुख व्यक्त करेंगे। राहुल गांधी के साथ प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे और प्रदेश अध्यक्ष अजय राय भी मौजूद रहेंगे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ग्रामीण संदीप शुक्ला ने बताया कि सांसद और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज 3:30 पर कानपुर विमान से आ रहे हैं। इस दौरान वह पहलगाम में जान गंवाने वाले शुभम के घर जाएंगे। उनके परिजनों से मुलाकात करके सांत्वना और श्रद्धांजलि देंगे। करीब आधे घंटे वहां उनका रुकने का कार्यक्रम संभावित है। इसके बाद उनकी वापसी है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। उनके आने की पूरी तैयारियां कर ली गई हैं। कांग्रेस के एक पदाधिकारी ने बताया कि वह विशेष विमान से रायबरेली से कानपुर पहुंचेंगे। यहां से ही वह सीधे शुभम द्विवेदी के घर जाएंगे। एयरपोर्ट पर कुछ कांग्रेस के नेताओं से मुलाकात करेंगे। फिर उनकी दिल्ली वापसी भी कानपुर चकेरी से होगी।

ज्ञात हो कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली के सांसद राहुल गांधी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने विशाखा फैक्टरी में दो मेगावॉट एटम सोलर रूफ प्लांट एवं एटम इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन का उद्घाटन किया। फिर वह लालगंज स्थित रेलकोच फैक्टरी पहुंचे। इस दौरान राहुल गांधी ने रेल कोच के अधिकारियों के साथ कारखाने की प्रगति पर चर्चा की।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी आज अमेठी जाएंगे। राहुल भुएमऊ गेस्ट हाउस में कार्यकर्ताओं व आम जनता के साथ मुलाकात भी करेंगे। इसके बाद अमेठी में गन फैक्ट्री एवं इण्डो-रसियन रायफल्स कोरवा में भ्रमण एवं निरीक्षण करेंगे। मुंशीगंज के संजय गांधी अस्पताल में ओपन हार्ट सर्जरी के ऑपरेशन थियेटर का उद्घाटन एवं इन्दिरा गांधी नर्सिंग कॉलेज का भ्रमण के बाद कानपुर चकेरी एयरपोर्ट जाने की संभावना है।

Exit mobile version