Site icon Dainik Savera Times

पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के 10 ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक

नई दिल्ली : पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान के कंधार, खोस्त और पक्तिया में 10 ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की। इसकी तस्दीक खुद सूचना मंत्री अताउल्लाह तराड़ ने की। तराड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, आत्मरक्षा के अपने संप्रभु अधिकार का इस्तेमाल करते हुए, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान में उन 10 ठिकानों पर सटीक हवाई और ड्रोन हमले किए, जिनका इस्तेमाल इन ड्रोनों को लॉन्च करने और स्टोर करने के लिए किया जा रहा था।

उन्होंने आगे कहा कि ये हमले सोचे-समझे, सटीक, नपे-तुले और जरूरत के हिसाब से किए गए थे और ये पूरी तरह से उन पहचाने गए सैन्य ठिकानों तक ही सीमित थे जिनका सीधा संबंध पाकिस्तान पर हमले की कोशिशों से था। बता दें कि बुधवार को पाकिस्तान ने कहा था कि 8 इलाकों में अफगानिस्तान की ओर से ड्रोन स्ट्राइक की कोशिश की गई थी जिसे उन्होंने नाकाम कर दिया था। इससे 3 दिन पहले यानी सोमवार को भी पाकिस्तान ने अफगानिस्तान के 2 इलाकों पर हवाई हमले किए थे।

पाकिस्तान के सूचना मंत्रालय ने दावा किया था कि इसमें 28 आतंकी मारे गए थे। वहीं, अफगान अधिकारियों ने कहा था कि हमले में 3 नागरिकों की मौत हुई थी और 4 घायल हुए थे। वहीं, अफगानिस्तान ने अपने क्षेत्र में पाकिस्तान के हवाई और ड्रोन हमलों की निंदा करते हुए वीरवार को गंभीर परिणाम की चेतावनी दी। अफगान सरकार के प्रवक्ता जबीहुल्लाह मुजाहिद ने कहा कि ताजा हमलों में 4 अफगान नागरिक मारे गए हैं। मुजाहिद ने कहा कि पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने रात अफगानिस्तान के दक्षिणी कंधार प्रांत और पूर्वी पक्तिया तथा खोस्त प्रांतों में हवाई हमले किए।

Exit mobile version