Site icon Dainik Savera Times

पाक जासूसी कड़ी का खुलासा? आज रिमांड पर बड़ा फैसला संभव

तावड़ू। पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क से जुड़ी आशंका वाले संवेदनशील मामले में गांव खरखड़ी के युवा वकील रिजवान सहित चार लोगों की गिरफ्तारी के बाद जांच नए मोड़ पर पहुंच गई है। चारों आरोपितों का पुलिस रिमांड रविवार को समाप्त हो गया। आज जिला एवं सत्र न्यायाधीश छवि गोयल की अदालत में पेशी के दौरान आगे की कार्यवाही पर फैसला हो सकता है।

शुरुआती कार्रवाई 26 नवंबर को हुई थी, जब तावड़ू सदर थाना पुलिस ने रिजवान के खिलाफ देश-विरोधी गतिविधियों के आरोप में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद मामला गंभीरता देखते हुए विशेष जांच दल बनाया गया, जिसमें एसटीएफ और एटीएस के डीएसपी रैंक के दो अधिकारी, साथ ही दो थाना प्रभारी भी सक्रिय रहे।

रिजवान की गिरफ्तारी के कुछ ही समय बाद जांच टीम ने पंजाब के जालंधर से मिठाई व्यापारी अजय अरोड़ा को पकड़ा। इसके बाद पूछताछ के आधार पर अमृतसर से तीन और लोगों को गिरफ्तार किया गया। टीम ने पूरे ऑपरेशन को अत्यंत गोपनीय रखते हुए संदिग्ध बैंक लेन-देन और डिजिटल गतिविधियों की लगातार निगरानी जारी रखी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार रिजवान के बैंक खातों में करोड़ों रुपये का हवाला ट्रांजैक्शन मिला, जिसे पंजाब में सक्रिय संदिग्ध तत्वों तक भेजे जाने का शक है। लंबा रिमांड भी रिजवान का ही रहा, जो लगभग 14 दिन के करीब चला। जबकि अजय अरोड़ा को पहले ही न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। अमृतसर से पकड़े गए तीनों आरोपित आठ दिन की रिमांड पर रहे।

जांच टीम फिलहाल पूरे केस की कड़ियों को जोड़कर मजबूत चार्जशीट तैयार कर रही है। वहीं, सूत्रों का दावा है कि आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां भी संभव हैं।
दूसरी ओर, आरोपितों का बचाव पक्ष और रिजवान का परिवार लगातार दावा कर रहा है कि वे जांच में पूरा सहयोग कर रहे हैं और अभी तक उनके खिलाफ कोई ठोस सबूत पेश नहीं किया गया।

अब पूरा मामला आज होने वाली पेशी पर टिक गया है, जहां से यह स्पष्ट होगा कि पुलिस को और रिमांड मिलेगा या फिर सभी को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

Exit mobile version