Site icon Dainik Savera Times

गुमथल रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से ‘धुआं’ उठने पर यात्रियों में अफरातफरी

संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले के गुमथल रेलवे स्टेशन पर बरेली से दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन के डिब्बे से ‘धुआं’ उठने पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई। गुमथल रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर विनोद शर्मा ने बताया, रविवार रात 8.10 बजे बरेली से दिल्ली जाने वाली एक ट्रेन गुमथल स्टेशन पहुंची। यह ट्रेन यहां सिर्फ दो मिनट के लिए रुकती है। हालांकि, उसके एक डिब्बे से ‘धुआं’ उठने लगा, जिसे देख कुछ लोग डरकर भागने लगे।

शर्मा ने कहा, हम लोग फौरन प्लेटफॉर्म पर पहुंचे और डिब्बे के अंदर जाकर देखा, तो पता चला कि किसी यात्री ने ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्र के साथ छेड़खानी की थी, जिससे उससे गैस निकलने लगी, लेकिन यात्रियों को लगा कि यह धुआं है। शर्मा ने बताया कि डिब्बे से धुआं निकलने के संदेह के कारण यात्रियों में अफरातफरी मच गई, लेकिन स्थिति पर जल्द काबू पा लिया गया। उन्होंने बताया कि आधे घंटे बाद 8.40 बजे ट्रेन को रवाना कर दिया गया।

Exit mobile version