Parag Jain new RAW chief नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने देश की सबसे गोपनीय और प्रभावशाली खुफिया एजेंसी रिसर्च एंड एनालिसिस विंग (RAW) को नया प्रमुख दे दिया है। पंजाब कैडर के 1989 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पराग जैन को दो साल के कार्यकाल के लिए रॉ का अगला सचिव नियुक्त किया गया है। वे मौजूदा सचिव रवि सिन्हा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है।
-कौन हैं पराग जैन?
पराग जैन एक अनुभवी और रणनीतिक दृष्टिकोण वाले खुफिया अधिकारी माने जाते हैं। वर्तमान में वे एविएशन रिसर्च सेंटर (ARC) के प्रमुख के रूप में कार्यरत हैं, जो कि रॉ की एक अत्यंत गोपनीय इकाई है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान के आतंकी शिविरों और सैन्य गतिविधियों पर खुफिया जानकारी जुटाने में ARC ने अहम भूमिका निभाई थी, जिसकी अगुवाई जैन ने की थी।
उनका करियर फील्ड ऑपरेशन से लेकर अंतरराष्ट्रीय खुफिया रणनीति तक फैला हुआ है। भटिंडा, मानसा और होशियारपुर जैसे आतंकवाद-प्रभावित इलाकों में उन्होंने ज़मीन पर काम किया है। चंडीगढ़ में एसएसपी और लुधियाना में डीआईजी रहते हुए भी उन्होंने कई संवेदनशील मामलों को सफलतापूर्वक संभाला।
-अंतरराष्ट्रीय मोर्चे पर सक्रिय भूमिका
पराग जैन की पोस्टिंग कनाडा और श्रीलंका जैसे देशों में भारतीय प्रतिनिधि के रूप में भी रही है। कनाडा में रहते हुए उन्होंने खालिस्तान समर्थक गतिविधियों को लेकर दिल्ली को समय-समय पर आगाह किया था। उनकी रिपोर्टों ने सरकार को इस दिशा में सक्रिय कदम उठाने के लिए प्रेरित किया।
-जम्मू-कश्मीर और बालाकोट ऑपरेशन
अनुच्छेद 370 के निरस्तीकरण के दौरान पराग जैन की भूमिका काफी महत्वपूर्ण रही। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में केंद्र की आतंकवाद विरोधी रणनीति को जमीनी स्तर पर लागू करने में सहायता की। इसके अलावा, बालाकोट एयर स्ट्राइक के समय भी उनकी खुफिया तैयारी और नेटवर्क का बड़ा योगदान रहा।

