Patliputra station Candidates Create ruckus : पटना। बिहार के मद्य निषेध विभाग में चल रही भर्ती की परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर दिया। ये परीक्षा दो पालियों में होनी थी। इसलिए अभ्यर्थी देर रात को ही स्टेशन पहुंच गए थे।
मामला तब बिगड़ा जब पाटलिपुत्र से कटिहार के लिए चलाई गई एग्जाम स्पेशल ट्रेन में सवार होने को लेकर अभ्यर्थियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। नाराज छात्रों ने ट्रेन के आगे बैठकर धरना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ उपद्रवी तत्व प्रदर्शनकारियों में शामिल हो गए और ट्रेन में तोड़-फोड़ और पत्थरबाजी की। पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर ट्रेन में हुई तोड़फोड़ के बाद कांच फर्श पर पड़ा था। पाटलिपुत्र स्टेशन पर हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेशन पहुंचे। मौके पर पटना डीएम डॉ त्यागराजन, आईजी जितेंद्र राणा, एसपी समेत कई आलाधिकारी मौजूद हैं। हंगामे के दौरान आईजी जितेंद्र राणा को हल्की चोट लगने की सूचना है। वहीं, रूपसपुर थाना प्रभारी भी मामूली रूप से घायल हुए हैं। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे और तीन राउंड हवाई फायरिंग भी की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हुई पत्थरबाजी की घटना पर DM डॉ त्यागराजन ने कहा, ‘कुछ लोग ट्रेन की व्यवस्था जैसे मुद्दों को लेकर विरोध कर रहे थे। हालांकि स्पेशल ट्रेनों का इंतजाम किया गया था। स्टेशन पर पहले से दो स्पेशल ट्रेनें खड़ी थीं, लेकिन खबर है कि कुछ असामाजिक तत्व प्रदर्शनकारियों के बीच मिल गए और ट्रेन को रोकते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद कम से कम बल का इस्तेमाल करके भीड़ को हटाया गया और शांति बहाल की गई।’ पाटलिपुत्र स्टेशन पर हुई घटना के चश्मदीद संजय ने बताया कि शुरू में लोगों ने ट्रेनों को रोक दिया था और उन्हें आगे नहीं बढ़ने दे रहे थे। प्रशासन रुकावट हटाने के लिए पहुंचा, लेकिन भीड़ टस से मस नहीं हुई। इसी बीच भारी हंगामा और हिंसा हुई। आप मेरी दुकान के ठीक सामने इसका नतीजा देख सकते हैं। पूरी दुकान तोड़ दी गई है। अंदर बड़े-बड़े पत्थर फेंके गए। मैं बमुश्किल अपनी जान बचाकर भाग पाया। वरना, पता नहीं मेरे साथ क्या होता।
इस संबंध में पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन का कहना है कि हमें सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन पर हंगामा कर रहे हैं। हम मौके पर पहुंचे और कम से कम बल का इस्तेमाल करके भीड़ को हटाया। अब स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण और नियंत्रण में है, और आगे कोई समस्या नहीं है।
Also Read :
मेष: दिन शुभ रहेगा...