Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

हैदराबाद में पीएम मोदी के मंच पर पवन कल्याण, प्रधानमंत्री ने तवज्जो देकर तेलंगाना की जनता को दिया संदेश

November 8, 2023

हैदराबाद में पीएम मोदी के मंच पर पवन कल्याण, प्रधानमंत्री ने तवज्जो देकर तेलंगाना की जनता को दिया संदेश

नई दिल्ली: फिल्मी दुनिया से राजनीति की दुनिया में आकर जन सेना पार्टी नाम से राजनीतिक दल बनाकर तेलंगाना के चुनावी मैदान में उतरने वाले पवन कल्याण ने मंगलवार को हैदराबाद की चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ मंच पर मौजूद रहकर गठबंधन को लेकर चल रहे तमाम कयासों को पूरी तरह से खत्म कर दिया है। हैदराबाद की चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवन कल्याण को पूरा तवज्जो देकर राज्य की जनता को भी राजनीतिक संदेश देने का प्रयास किया।

प्रधानमंत्री मंच पर काफी देर तक पवन कल्याण के साथ बातचीत करते नजर आए। प्रधानमंत्री ने मंच से लोगों को संबोधित करने के दौरान भी पवन कल्याण का नाम लेते हुए कहा, ‘मंच पर मेरे साथ पवन हैं, लेकिन मैदान में आंधी है। तेलंगाना में बदलाव की जो आंधी चल रही है, उसे इस विशाल जनसभा में भी महसूस किया जा सकता है। तेलंगाना का विश्वास अब भाजपा पर है। पिछले 9 वर्षों से तेलंगाना में विकास विरोधी, पिछड़ा वर्ग विरोधी, एससी और एसटी विरोधी सरकार है।‘

दरअसल, तेलंगाना की 32 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी पवन कल्याण की पार्टी जन सेना आखिरकार भाजपा के प्रस्ताव पर सहमत हो गई है। भाजपा के सूत्रों की मानें, तो पार्टी आलाकमान भी एक कदम और आगे बढ़ाते हुए स्थानीय नेताओं के इनकार के बावजूद पवन कल्याण की जन सेना पार्टी को 9 सीटें देने को तैयार हो गई है। बताया जा रहा है कि भाजपा और जन सेना पार्टी के बीच 8 सीटों को लेकर सहमति बन गई है और एक सीट को लेकर चर्चा अभी जारी है। पवन कल्याण के एनडीए गठबंधन में शामिल हो जाने के बाद अब भाजपा पूरे प्रदेश में उनकी लोकप्रियता का भी पूरा फायदा उठाने की रणनीति पर काम कर रही है। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पवन कल्याण पूरे तेलंगाना में भाजपा उम्मीदवारों के लिए भी जोर-जोर से प्रचार करेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें