Last Updated: November 3, 2026

Dainik Savera Times Logo

20 किलोमीटर के दायरे में लोगों को नहीं लगेगा टोल

December 9, 2024

20 किलोमीटर के दायरे में लोगों को नहीं लगेगा टोल

आरएसपुरा : रिंग रोड पर बने टोल प्लाजा को लेकर तीन दिनों से चल रहा प्रदर्शन एसडीएम के आश्वासन के बाद बंद हो गया।

एसडीएम ने लोगों को लिखित में आश्वासन दिया कि उनकी नैशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया के डायरेक्टर के साथ बात हुई है। टोल के आसपास के 20 किलोमीटर के दायरे के लोगों को टोल नहीं लगेगा।

इसके अलावा रिंग रोड के आसपास लिंक मार्गों का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। स्ट्रीट लाइट भी जल्दी लगाई जाएगी। इसके अलावा जो कुछ भी काम अधूरा है उसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इससे पहले रविवार को लगातार तीसरे दिन स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर टोल प्लाजा का विरोध जताया। मढ़ विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेंद्र भगत भी मौके पर अपने समर्थकों के साथ पहुंच गए। उन्होंने कहा कि लोगों के जितने भी मसले हैं वह बिल्कुल जायज है। उन्हें पूरा किए बिना टोल प्लाजा शुरू नहीं होने दिया जाएगा।

मौखिक आश्वासन नहीं चलेंगे जो भी बात होगी वह लिखित में दी जाएगी। इन लोगों ने इस रोड के निर्माण के लिए अपनी जमीन दी है। कई लोगों को अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। रिंग रोड पर लिंक मार्गो का काम अभी तक पूरा नहीं हुआ है। यहां पर कोई शौचालय की व्यवस्था नहीं है। कई जगह रिंग रोड का निर्माण चल रहा है। इसके बावजूद भी टोल शुरू करना बिल्कुल गलत है। प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद एसडीएम और अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

एसडीएम द्वारा एनएचएआई के डायरेक्टर से बात की गई और लोगों की समस्याओं से अवगत करवाया गया। इसके बाद एसडीएम ने लोगों को लिखित में आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों को पूरा किया जाएगा। दोपहर बाद लोगों ने प्रदर्शन करना बंद कर दिया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें