नेशनल डेस्क: अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद भारत में पेट्रोल और डीजल के दामों में आज 16 मार्च 2026 को कोई बदलाव नहीं किया गया है। तेल विपणन कंपनियों की ओर से जारी नए रेट के मुताबिक, दिल्ली, मुंबई और कोलकाता समेत देश के प्रमुख शहरों में ईंधन की कीमतें पहले की तरह ही स्थिर बनी हुई हैं। ऐसे समय में जब वैश्विक बाजार में तेल की कीमतों में तेजी देखी जा रही है, भारत में दाम स्थिर रहने से आम लोगों को फिलहाल राहत मिली है।
दरअसल मध्य-पूर्व में बढ़ते तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर साफ दिखाई दे रहा है। ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। इस हफ्ते वैश्विक बाजार में ब्रेंट क्रूड की कीमत 115 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी। विशेषज्ञों का कहना है कि यदि मध्य-पूर्व में हालात और बिगड़ते हैं तो इससे तेल की वैश्विक आपूर्ति प्रभावित हो सकती है और कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।
मध्य-पूर्व का हॉर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक माना जाता है। दुनिया भर में सप्लाई होने वाले लगभग 20 प्रतिशत कच्चे तेल की ढुलाई इसी रास्ते से होती है। ऐसे में अगर इस इलाके में किसी तरह का संघर्ष या रुकावट पैदा होती है तो इसका सीधा असर अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार पर पड़ सकता है। इसी वजह से फिलहाल वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बनी हुई है।
हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ने के बावजूद भारतीय बाजार में फिलहाल पेट्रोल और डीजल के दाम नहीं बढ़ाए गए हैं। ऊर्जा विशेषज्ञों का मानना है कि तेल कंपनियां अभी वैश्विक कीमतों का पूरा असर उपभोक्ताओं पर नहीं डाल रही हैं। इसके पीछे एक वजह महंगाई को काबू में रखना भी माना जा रहा है। सरकार और तेल कंपनियां कोशिश कर रही हैं कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में बढ़ती कीमतों का असर घरेलू बाजार में कम से कम पड़े।
प्रमुख शहरों के पेट्रोल-डीजल के ताजा रेट-
शहर पेट्रोल डीजल
नई दिल्ली ₹94.72 ₹87.62
मुंबई ₹104.21 ₹92.15
कोलकाता ₹103.94 ₹90.76
चेन्नई ₹100.75 ₹92.34
अहमदाबाद ₹94.49 ₹90.17
बेंगलुरु ₹102.92 ₹89.02
हैदराबाद ₹107.46 ₹95.70
जयपुर ₹104.72 ₹90.21
लखनऊ ₹94.69 ₹87.80
पुणे ₹104.04 ₹90.57
चंडीगढ़ ₹94.30 ₹82.45
इंदौर ₹106.48 ₹91.88
पटना ₹105.58 ₹93.80
सूरत ₹95.00 ₹89.00
नासिक ₹95.50 ₹89.50
भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों की समीक्षा रोजाना की जाती है। तेल कंपनियां हर दिन सुबह 6 बजे देशभर के शहरों के लिए नए दाम जारी करती हैं। अगर अंतरराष्ट्रीय बाजार में बड़ा बदलाव होता है तो उसी के आधार पर घरेलू कीमतों में भी बदलाव किया जा सकता है।
अगर आप अपने शहर में पेट्रोल और डीजल की ताजा कीमत जानना चाहते हैं तो इसके लिए मोबाइल फोन से एसएमएस के जरिए भी जानकारी ली जा सकती है। इंडियन ऑयल के ग्राहक अपने फोन से RSP और शहर का कोड लिखकर 9224992249 पर भेज सकते हैं। वहीं भारत पेट्रोलियम के ग्राहक RSP और सिटी कोड लिखकर 9223112222 पर एसएमएस कर सकते हैं। इसके अलावा हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ग्राहक HPPRICE और सिटी कोड लिखकर 9222201122 पर भेजकर अपने शहर में ईंधन की कीमतों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

