Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

पीयूष गोयल 17 दिसंबर को करेंगे व्यापार बोर्ड बैठक की अध्यक्षता

December 12, 2023

पीयूष गोयल 17 दिसंबर को करेंगे व्यापार बोर्ड बैठक की अध्यक्षता

नयी दिल्ली: वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल निर्यात को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा करने के लिए 17 दिसंबर को व्यापार बोर्ड (बीओटी) की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। मंत्री की अध्यक्षता वाले बोर्ड में विभिन्न राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों के प्रतिभागी और सार्वजनिक तथा निजी क्षेत्रों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं।

अधिकारी ने कहा कि निर्यात संवर्धन परिषदों के प्रतिनिधि निर्यात पर अपने विचार रखेंगे। इसके अलावा सरकारी ई-मार्केटप्लेस (जीईएम) की टीम सार्वजनिक खरीद पोर्टल के बारे में विस्तृत प्रस्तुति देगी।

विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की खरीद गतिविधियां बढ़ने के कारण नवंबर में सरकारी पोर्टल से वस्तुओं और सेवाओं की खरीद दो लाख करोड़ रुपये को पार कर गई है।

व्यापार बोर्ड व्यापार और उद्योग प्रतिनिधियों के साथ लगातार चर्चा और विचार-विमर्श करता रहता है। वह विदेश व्यापार नीति से संबंधित नीतिगत उपायों तथा देश से व्यापार बढ़ाने के लक्ष्य को हासिल करने को लेकर सरकार को परामर्श भी देता है।

वैश्विक स्तर पर आर्थिक अनिश्चितता के कारण देश का निर्यात प्रभावित हुआ है। इस लिहाज से यह बैठक महत्वपूर्ण है। देश का वस्तुओं का निर्यात इस साल अक्टूबर में 6.21 प्रतिशत बढक़र 33.57 अरब डॉलर रहा है। वहीं मुख्य रूप से सोना आयात बढ़ने से कुल आयात 12.3 प्रतिशत बढक़र 65.03 अरब डॉलर रहा।

इससे व्यापार घाटा बढक़र रिकॉर्ड 31.46 अरब डॉलर पर पहुंच गया। चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-अक्टूबर के दौरान निर्यात सात प्रतिशत घटकर 244.89 अरब डॉलर रहा जबकि आयात 8.95 प्रतिशत घटकर 391.96 अरब डॉलर रहा। इससे व्यापार घाटा सात महीनों के दौरान 147.07 अरब डॉलर रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 167.14 अरब डॉलर था।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें