Site icon Dainik Savera Times

PM in Bihar : मैंने एक गारंटी पूरी कर दी : मोदी

PM in Bihar : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज दरभंगा में कहा कि 70 वर्ष से अधिक उम्र के वृद्धों के लिए मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू कर उन्होंने अपनी एक ‘गारंटी’ पूरी कर दी है।

मोदी ने बुधवार को यहां शोभन में बिहार के दूसरे अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) की आधाराशिला रखने के साथ ही 12 हजार करोड़ रुपये की अलग-अलग योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करने के बाद सभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘मैंने अपनी एक गारंटी पूरी कर दी है। सत्तर साल से ऊपर के जितने भी बुजुर्ग हों, उनके मुफ्त इलाज की सुविधा शुरू हो गई है। जल्द ही सभी वृद्धों के पास आयुष्मान वंदन कार्ड होगा। छोटे शहरों में भी इलाज की बेहतरीन सुविधा पहुंचाने के लक्ष्य की ओर हम काम कर रहे हैं।’’

उन्होंने कहा कि कोई परिवार नहीं चाहता कि उसके घर में कोई बीमार पड़े। शरीर स्वस्थ रहे, इसके लिए योग, आयुर्वेद और पोषक खान-पान का महत्व बताया जा रहा है। फिट इंडिया मूवमेंट चलाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बीमारियों की आम वजह गंदगी, दूषित खानपान और खराब जीवनशैली होती है। इसलिए, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर शौचालय और नल से जल जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से शहर तो स्वच्छ बनता ही है, बीमारियां फैलने की गुंजाइश भी कम हो जाती है। उन्होंने बिहार सरकार को दरभंगा में बड़े स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाए जाने पर आभार जताया और आगे भी इसे जारी रखने की अपील की।

Exit mobile version