Last Updated: November 11, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi सहित कई दिग्गजों नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर जताया दुख

May 14, 2024

PM Modi सहित कई दिग्गजों नेताओं ने सुशील मोदी के निधन पर जताया दुख

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केन्द्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और कई दिग्गज नेताओं ने बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के निधन पर शोक जताया। मोदी ने कहा है कि पार्टी में अपने मूल्यवान सहयोगी और दशकों से मेरे मित्र रहे सुशील मोदी जी के असामयिक निधन से अत्यंत दुख हुआ है। बिहार में भाजपा के उत्थान और उसकी सफलताओं के पीछे उनका अमूल्य योगदान रहा है। आपातकाल का पुरजोर विरोध करते हुए, उन्होंने छात्र राजनीति से अपनी एक अलग पहचान बनाई थी।

प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया, “सुशील मोदी बेहद मेहनती और मिलनसार विधायक के रूप में जाने जाते थे। राजनीति से जुड़े विषयों को लेकर उनकी समझ बहुत गहरी थी। उन्होंने एक प्रशासक के तौर पर भी काफी सराहनीय कार्य किए। जीएसटी पारित होने में उनकी सक्रिय भूमिका हमेशा याद किया जाएगा। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।”

नड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर अपने शोक संदेश में कहा, “भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। विद्यार्थी परिषद से लेकर अभी तक हमने साथ में संगठन के लिए लंबे समय तक काम किया। सुशील मोदी जी का पूरा जीवन बिहार के लिये समर्पित रहा। बिहार को जंगलराज से बाहर निकालकर विकास के पथ पर लाने में सुशील मोदी जी का प्रयास बहुत मददगार रहा है। उनका ना होना असंख्य कार्यकताओं के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”नड्डा ने प्रार्थना की, “प्रभु दिवंगत आत्मा को शांति और परिजनों को सम्बल प्रदान करें। ॐ शान्ति!”


केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शोक संदेश में लिखा, “हमारे वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी जी के निधन की सूचना से आहत हूँ। आज बिहार ने राजनीति के एक महान पुरोधा को हमेशा के लिए खो दिया। अभाविप से भाजपा तक सुशील जी ने संगठन व सरकार में कई महत्त्वपूर्ण पदों को सुशोभित किया। उनकी राजनीति गरीबों व पिछड़ों के हितों के लिए समर्पित रही। उनके निधन से बिहार की राजनीति में जो शून्यता उभरी है, उसे लंबे समय तक भरा नहीं जा सकता। दुःख की इस घड़ी में पूरी भाजपा उनके शोकाकुल परिवार के साथ खड़ी है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शोक संदेश में कहा, “बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं पार्टी के वरिष्ठ नेता, श्री सुशील कुमार मोदी के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उनका लम्बा सार्वजनिक जीवन जनता-जनार्दन की सेवा और गरीब कल्याण के प्रति समर्पित था। श्री मोदी ने बिहार में पार्टी को मज़बूत और लोकप्रिय बनाने के लिए काफ़ी परिश्रम किया। बिहार के विकास के लिए किए गए उनके कार्य हमेशा याद रखे जाएंगे। ईश्वर उनके शोक संतप्त परिवार को दुःख की इस घड़ी में धैर्य और संबल प्रदान करे. ओम शान्ति।”

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें