Last Updated: September 22, 2026

Dainik Savera Times Logo

जहां से PM Modi ने खाई झालमुड़ी, अब उस दुकानदार ने जताया अफसोस, कहा- नहीं ले…

April 20, 2026

जहां से PM Modi ने खाई झालमुड़ी, अब उस दुकानदार ने जताया अफसोस, कहा- नहीं ले…

PM Modi ate Jhalmuri: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को पश्चिम बंगाल के झारग्राम में एक दुकान पर पहुंचे और ‘झालमुड़ी’ खरीदकर खाई। अब दुकानदार विक्रम शॉ ने कहा कि प्रधानमंत्री के अचानक दौरे से वह हैरान रह गए और इसे अपने लिए बहुत बड़ी बात बताया। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच प्रधानमंत्री मोदी ने थोड़े समय के लिए झारग्राम में रुककर मशहूर स्नैक ‘झालमुड़ी’ का स्वाद लिया। वह सभा को संबोधित करने के बाद हेलीपैड की तरफ जा रहे थे, तभी उनका काफिला अचानक एक दुकान पर रुका। पीएम मोदी विक्रम की दुकान पर पहुंचे।

दुकानदार विक्रम शॉ ने बताया कि उन्होंने कभी सोचा भी नहीं था कि प्रधानमंत्री उनकी दुकान पर आएंगे। उन्होंने कहा, ”यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है कि देश के प्रधानमंत्री मेरी दुकान पर झालमुड़ी खाने आए।” उन्होंने बताया, ”पीएम यहां आए और सबसे पहले मेरा नाम पूछा और हालचाल जाना। फिर मुझसे झालमुड़ी बनाने को कहा। जब मैंने झालमुड़ी बनाकर दी, तो उन्होंने उसकी कीमत पूछी। मैंने पैसे लेने से मना किया, लेकिन उनके जोर देने पर पैसे ले लिए।”

PM मोदी ने दुकानदार से की बातचीत
शॉ ने बताया कि पीएम मोदी ने उनकी झालमुड़ी की तारीफ भी की। उन्होंने मेरे माता-पिता के बारे में पूछा और मैं कहां का रहने वाला हूं, यह भी जानना चाहा। मैंने बताया कि मेरा परिवार बिहार के गयाजी जिले से है। उन्होंने बताया, ”पीएम मोदी ने मेरी पढ़ाई और काम के बारे में भी पूछा। मैंने उन्हें बताया कि गरीबी के कारण मुझे नौवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़नी पड़ी। कमाई के बारे में मैंने बताया कि मैं रोज 1,000 से 1,200 रुपये कमा लेता हूं, जिससे परिवार चलता है।”

ये भी पढ़ें- दिनभर में कितना पानी पीना सही? क्या है 3 से 4 लीटर पानी पीने के पीछे की सच्चाई

 

इस बात का जताया अफसोस
हालांकि, शॉ ने मुस्कुराते हुए अफसोस जताया कि वह प्रधानमंत्री से ऑटोग्राफ नहीं ले सके। वहीं, उस समय दुकान पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने इस पल को हैरान करने वाला और खुशी देने वाला बताया। उन्होंने कहा, ”इतने बड़े पद पर होने के बावजूद प्रधानमंत्री एक छोटे से शहर की छोटी सी दुकान पर आए। यह यहां के लोगों के लिए गर्व और खुशी का पल है। यह झारग्राम और पूरे पश्चिम बंगाल के लिए एक मिसाल है।” इस दौरान प्रधानमंत्री लोगों से बातचीत करते, मुस्कुराते और वहां मौजूद बच्चों और महिलाओं के साथ झालमुड़ी साझा करते भी नजर आए।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें