Site icon Dainik Savera Times

PM Modi Banswara Visit : 25 सितंबर को बांसवाड़ा आएंगे PM मोदी, इन परियोजना का करेंगे शिलान्यास

PM Modi

PM Modi Banswara Visit : राजस्थान के बांसवाड़ा में 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की सबसे बड़ी परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। बता दें कि यह परियोजना राजस्थान-मध्यप्रदेश बॉर्डर पर माही डैम के पास लगभग 45 हजार करोड़ रुपये की लागत से तैयार की जाएगी। यह प्रोजेक्ट परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत संचालित होगा और भारत को ऊर्जा क्षेत्र में नई दिशा देगा।

दौरे के दौरान त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में भी दर्शन कर सकते हैं पीएम मोदी

पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर सरकार और बीजेपी दोनों ही स्तर पर जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने दौरे के दौरान शक्तिपीठों में से एक तलवाड़ा स्थित त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में भी दर्शन कर सकते हैं। प्रधानमंत्री बनने के बाद यह पहला मौका होगा जब वे इस शक्ति पीठ के दर्शन करेंगे। प्रशासन ने इस यात्रा की तैयारी शुरू कर दी है और इसकी जानकारी पीएमओ को भेज दी गई है।

बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि बांसवाड़ा में देश का सबसे बड़ा आणविक शक्ति केंद्र बनने जा रहा है। इस ऐतिहासिक शिलान्यास कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी कैबिनेट के कई मंत्रियों के साथ मौजूद रहेंगे। राठौड़ ने बताया कि प्रधानमंत्री इस दौरे में राजस्थान और मध्यप्रदेश से जुड़ी कई परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी कर सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद 22 मई को आए थे

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा राजस्थान के लिए खास माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले वे 22 मई को ऑपरेशन सिंदूर के बाद राज्य के बीकानेर दौरे पर आए थे। उस दौरान उन्होंने देशनोक करणी माता मंदिर में दर्शन किए थे और वहां के आधुनिक रेलवे स्टेशन का उद्घाटन किया था। पलाना में आयोजित जनसभा में मोदी ने आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना की बहादुरी की सराहना करते हुए कहा था कि पाकिस्तान यह भूल गया है कि अब मां भारती का सेवक मोदी सीना तानकर खड़ा है। उन्होंने कहा था, “मोदी का दिमाग ठंडा है, लेकिन लहू गर्म है। अब मोदी की नसों में लहू नहीं, बल्कि गर्म सिंदूर बह रहा है।”

बता दें कि इस बार बांसवाड़ा दौरे के दौरान पीएम मोदी का मुख्य फोकस परमाणु ऊर्जा परियोजना पर रहेगा। अनुमान है कि इस परियोजना के पूरा होने से राजस्थान और मध्यप्रदेश को बड़े पैमाने पर ऊर्जा आपूर्ति होगी और क्षेत्र के आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि गरीबों की सेवा, माताओं-बहनों की गरिमा और हर परिवार का कल्याण ही मोदी सरकार की प्राथमिकता है।

Exit mobile version