Site icon Dainik Savera Times

PM मोदी ने गगनयान की पहली परीक्षण उड़ान की सफलता पर इसरो को दी बधाई

श्रीहरिकोटा: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जितेंद्र सिंह ने शनिवार को गगनयान कार्यक्रम की पहली मानवरहित परीक्षण उड़ान के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को बधाई दी।मोदी ने कहा कि उनका प्रक्षेपण भारत को अपने पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, गगनयान को साकार करने के एक कदम और करीब ले गया है।मोदी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा,‘‘यह प्रक्षेपण हमें भारत के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, गगनयान को साकार करने के एक कदम और करीब ले जाता है।

’’ उन्होंने कहा,‘‘इसरो के हमारे वैज्ञानिकों को मेरी शुभकामनाएं।’’ गगनयान मिशन की सफल परीक्षण उड़ान पर केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा,‘‘आज की परीक्षण उड़ान गगनयान मिशन के अंतिम चरण में पहला कदम था।’’ उन्होंने कहा,‘‘आज के बाद, कई और परीक्षण उड़ानें आयोजित की जाएंगी। चालक दल की सुरक्षित वापसी के लिए क्रू एस्केप सिस्टम सबसे महत्वपूर्ण है जिसका आज परीक्षण भी किया गया। आज, भारत उस स्थिति में है जहां हम दूसरे राष्ट्रों का नेतृत्व करने के लिए तैयार हैं।’’ गौरतलब है कि आज इसरो ने गगनयान को सफलतापर्वक लॉन्च कर दिया। गगनयान मिशन की पहली टेस्ट फ्लाइट लॉन्च हो चुकी है। इसरो ने 21 अक्टूबर की सुबह 10 बजे श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से इसे लॉन्च किया है। गगनयान मिशन की यह पहली परीक्षण उड़ान थी। इसके सफल परीक्षण के बाद भारत उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जो स्वयं चालक दल अंतरिक्ष यान लॉन्च कर सकते हैं।

Exit mobile version