Site icon Dainik Savera Times

पांच दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हुए PM Modi, इन देशों की करेंगे यात्रा

PM Modi Foreign Visit

PM Modi Foreign Visit

PM Modi Foreign Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पांच दिवसीय विदेश दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस दौरान वह इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड का दौरा करेंगे। 6 से 11 जुलाई 2026 तक चलने वाली इस यात्रा का उद्देश्य तीनों देशों के साथ भारत के रिश्तों को और मजबूत बनाना है। प्रधानमंत्री ने रवाना होने से पहले जारी बयान में कहा कि यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट पॉलिसी’, महासागर विजन (MAHASAGAR) और स्वतंत्र, खुले तथा समावेशी इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा।

इंडोनेशिया से होगी दौरे की शुरुआत

प्रधानमंत्री मोदी सबसे पहले 6 से 8 जुलाई तक इंडोनेशिया में रहेंगे। यह यात्रा इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2018 में उनकी पिछली यात्रा के दौरान भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था। इसके बाद यह उनकी पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

बता दें राष्ट्रपति प्रबोवो जनवरी 2025 में भारत के गणतंत्र दिवस समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में भारत आए थे। ऐसे में यह यात्रा दोनों देशों के बीच बढ़ते सहयोग को नई दिशा देने का अवसर होगी।

सांस्कृतिक रिश्तों को भी मिलेगा बढ़ावा

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, सुरक्षा, समुद्री सहयोग और अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को मजबूत करने पर चर्चा होगी। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री इंडोनेशिया में रहने वाले भारतीय समुदाय से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह राष्ट्रपति प्रबोवो के साथ प्रम्बानन मंदिर का दौरा करेंगे, जिसे भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक इतिहास का महत्वपूर्ण प्रतीक माना जाता है।

ऑस्ट्रेलिया में रक्षा, व्यापार और शिक्षा पर होगी चर्चा

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया जाएंगे। यह यात्रा ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी प्रधानमंत्री अल्बानीज के साथ होने वाली बैठक में रक्षा और सुरक्षा, व्यापार एवं निवेश, शिक्षा, लोगों के बीच संपर्क और नई तकनीकों जैसे कई अहम विषयों पर चर्चा होगी। दोनों देश अपनी व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने के लिए नए कदमों पर विचार करेंगे।

मेलबर्न में भारतीय समुदाय से करेंगे मुलाकात

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी मेलबर्न में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले भारतीय दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा भारत और ऑस्ट्रेलिया उभरती हुई तकनीकों, खेल और खेल विज्ञान जैसे क्षेत्रों में भी सहयोग बढ़ाने की दिशा में आगे काम करेंगे।

न्यूजीलैंड दौरे में आर्थिक सहयोग रहेगा मुख्य एजेंडा

ऑस्ट्रेलिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड पहुंचेंगे। यह यात्रा न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन के निमंत्रण पर हो रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मार्च 2025 में प्रधानमंत्री लक्सन की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में नई मजबूती आई है। अब इस यात्रा के जरिए दोनों देश आर्थिक, व्यापारिक और निवेश संबंधों को और आगे बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

व्यापार और भारतीय समुदाय पर रहेगा विशेष ध्यान

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत और न्यूजीलैंड ने मुक्त व्यापार समझौते के माध्यम से व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने की प्रतिबद्धता दिखाई है। दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने के लिए नए अवसरों पर भी बातचीत होगी। न्यूजीलैंड में रहने वाला भारतीय समुदाय दोनों देशों के रिश्तों की मजबूत कड़ी है। यात्रा के दौरान वह भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे और उनसे संवाद करेंगे।

दौरे का उद्देश्य

प्रधानमंत्री मोदी की यह तीन देशों की यात्रा केवल कूटनीतिक मुलाकातों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की भूमिका को मजबूत करना, व्यापार और निवेश बढ़ाना, रक्षा सहयोग को नई गति देना, नई तकनीकों में साझेदारी बढ़ाना और दुनिया भर में बसे भारतीय समुदाय के साथ संबंधों को और मजबूत करना भी है। तीनों देशों के साथ होने वाली उच्चस्तरीय बैठकों से भारत के रणनीतिक और आर्थिक हितों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version