Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने छत्तीसगढ़ में 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

February 24, 2024

PM Modi ने छत्तीसगढ़ में 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं की दी सौगात

नयी दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को छत्तीसगढ़ में 34,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। मोदी ने आज यहां वर्चुअल कार्यक्रम में ‘विकसित भारत विकसित छत्तीसगढ़’ कार्यक्रम को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ में सड़क, रेलवे, कोयला, बिजली और सौर ऊर्जा क्षेत्रों से जुड़ी विभिन्न विकासपरक परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इस मौके पर उन्होंने कार्यक्रम से जुड़े छत्तीसगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों के लाखों परिवारों को शुभकामनाएं दीं।


अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने जोर दिया कि युवाओं, महिलाओं, गरीबों और किसानों के सशक्तीकरण से विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण होगा तथा आधुनिक बुनियादी ढांचे से विकसित छत्तीसगढ़ की नींव मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया जा रहा है, वे छत्तीसगढ़ के लोगों के लिए नए अवसर पैदा करेंगे। श्री मोदी ने एनटीपीसी के सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट को राष्ट्र को समर्पित करने और 1600 मेगावाट क्षमता वाले स्टेज-2 के शिलान्यास का जिक्र करते हुए कहा कि अब नागरिकों को कम खर्च पर बिजली उपलब्ध करायी जायेगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ को सौर ऊर्जा का केंद्र बनाने के सरकार के प्रयास पर भी प्रकाश डाला।


उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि सरकार उपभोक्ताओं के बिजली बिल को शून्य करने का प्रयास कर रही है और इसी दिशा में लोगों को उनके छत पर सौर पैनल स्थापित करने के लिए सीधे बैंक खातों में वित्तीय सहायता प्रदान करेगी, जहां 300 यूनिट बिजली मुफ्त की जायेगी और उत्पादित अतिरिक्त बिजली सरकार खरीदेगी , जिससे नागरिकों को हजारों रुपये की अतिरिक्त आय होगी। उन्होंने बंजर कृषि भूमि पर छोटे पैमाने पर सौर संयंत्र स्थापित करने में किसानों की सहायता करके अन्नदाता को ऊर्जादाता में बदलने पर सरकार के जोर का भी उल्लेख किया।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें