Last Updated: October 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM मोदी ने केरल को दी बड़ी सौगात, 4 नई अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

January 23, 2026

PM मोदी ने केरल को दी बड़ी सौगात,  4 नई अमृत भारत ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

नेशनल डेस्क। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को केरल के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने राज्य को कई बड़ी सौगातें दीं। वहीं, मोदी ने तिरुवनंतपुरम में 4 नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें 3 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। पीएम मोदी ने केरल में इनोवेशन और उद्यमिता (Entrepreneurship) को बढ़ावा देने के लिए नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की और रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में CSIR-NIIST इनोवेशन, टेक्नोलॉजी और उद्यमिता हब की आधारशिला रखी। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह केंद्र विज्ञान, रिसर्च और इनोवेशन के क्षेत्र में नई संभावनाएं पैदा करेगा।

पीएम मोदी ने कहा कि तिरुवनंतपुरम को देश के प्रमुख Startup Hub के रूप में विकसित करने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा और नए स्टार्टअप्स को आगे बढ़ने का मौका मिलेगा।

 

पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च
प्रधानमंत्री मोदी ने पीएम स्वनिधि क्रेडिट कार्ड लॉन्च किया। यह एक यूपीआई से जुड़ा, ब्याज-मुक्त रिवॉल्विंग क्रेडिट कार्ड है। इस योजना से देशभर के रेहड़ी-पटरी और फुटपाथ पर काम करने वाले लोगों को तुरंत लोन मिल सकेगा। इससे न केवल डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि छोटे व्यापारियों को अपना क्रेडिट इतिहास बनाने में भी मदद मिलेगी।

 

1 लाख लाभार्थियों को मिलेगा पीएम स्वनिधि लोन
पीएम मोदी केरल में करीब 1 लाख लाभार्थियों को पीएम स्वनिधि लोन वितरित करेंगे। इससे छोटे व्यापारियों को आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी और उनका कारोबार आगे बढ़ सकेगा।

 

केरल में रेल कनेक्टिविटी को मिली नई रफ्तार

प्रधानमंत्री मोदी ने तिरुवनंतपुरम में 4 नई ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाई। इनमें 3 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।

नई ट्रेन सेवाएं इस प्रकार हैं:

-नागरकोइल – मंगलुरु

-तिरुवनंतपुरम – तांबरम

-तिरुवनंतपुरम – चार्लापल्ली

-त्रिशूर – गुरुवयूर (नई पैसेंजर ट्रेन)

-इन ट्रेनों से केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के बीच संपर्क और मजबूत होगा।

 

यात्रा होगी सस्ती, सुरक्षित और सुविधाजनक
सरकारी बयान के अनुसार, नई ट्रेन सेवाओं से यात्रियों को कम खर्च में सुरक्षित और आरामदायक सफर मिलेगा। इसके साथ ही पर्यटन, व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। राज्यों के बीच सांस्कृतिक आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

विकसित भारत के लिए मिलकर काम कर रहा देश: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरा देश मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले 11 वर्षों में केंद्र सरकार ने शहरी बुनियादी ढांचे (Urban Infrastructure) में बड़े स्तर पर निवेश किया है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि वे तिरुवनंतपुरम में BJP-NDA की जनसभा को संबोधित करने को लेकर उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि हाल के नगर निगम चुनावों में जनता ने बदलाव का संकेत दिया है। पीएम मोदी ने कहा कि केरल की जनता अब LDF और UDF की राजनीति से मुक्ति चाहती है और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना चाहती है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें