Site icon Dainik Savera Times

PM Modi का गुजरात दौरा: सोमनाथ अमृत महोत्सव में हिस्सा लेंगे प्रधानमंत्री, जानें आज का पूरा शेड्यूल

PM Modi Gujarat visit

PM Modi Gujarat visit

PM Modi Gujarat visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार यानी आज गुजरात के सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे गिर सोमनाथ व वडोदरा में कई धार्मिक, प्रशासनिक और सामुदायिक कार्यक्रमों में भी शामिल होंगे। पीएम नरेंद्र मोदी के इस दौरे की शुरुआत बीती रात जामनगर पहुंचने के साथ हुई। राज्य में उनके कार्यक्रमों से पहले जामनगर, सोमनाथ और वडोदरा में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और उनके स्वागत के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, पीएम मोदी सोमवार सुबह सोमनाथ मंदिर में ‘सोमनाथ अमृत महोत्सव’ में हिस्सा लेंगे। यह महोत्सव मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद उसके उद्घाटन के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है। उनका ‘विशेष महापूजा’, ‘कुंभाभिषेक’ और ‘ध्वजारोहण’ समारोहों में शामिल होने का कार्यक्रम है। साथ ही, इस कार्यक्रम के दौरान वे एक स्मारक डाक टिकट और सिक्का भी जारी करेंगे।

ये भी पढ़ें- दिल्ली-यूपी समेत इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, जानें राजस्थान को कब मिलेगी गर्मी से राहत

 

वडोदरा में रोड शो
गुजरात और पश्चिम बंगाल में स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की हालिया चुनावी जीत के बाद वडोदरा में एक रोड शो का भी आयोजन किया गया है। अधिकारियों के अनुसार, इस सार्वजनिक स्वागत कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने बीते दिन बताया कि पूरे गुजरात के लोग प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर बेहद उत्साहित हैं।

सरदार धाम भवन-3 का उद्घाटन
प्रधानमंत्री वडोदरा में ‘सरदार धाम भवन-3’ का भी उद्घाटन करेंगे। इसे श्री दुष्यंत और दक्षा पटेल कॉम्प्लेक्स के नाम से भी जाना जाता है। यह भवन राष्ट्रीय राजमार्ग-8ए पर वाघोडिया क्रॉसिंग के पास बना है। लगभग 150 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत से निर्मित और लगभग 4.75 लाख वर्ग फुट क्षेत्र में फैले कॉम्प्लेक्स में 278 आवासीय कमरे, एक एनआरआई गेस्ट हाउस, एक ई-लाइब्रेरी, एक करियर मार्गदर्शन केंद्र, ट्रेनिंग सेंटर और लगभग 1,000 लोगों की बैठने की क्षमता वाला हॉल शामिल है।

ये भी पढ़ें- मेष राशि वालों को धन लाभ, तो धनु राशि वालों को नाकामयाबी का भय, जानें अन्य राशियों का हाल

PM को किया जाएगा सम्मानित
सामाजिक सुधारों में निभाई गई उनकी भूमिका को मान्यता देते हुए पाटीदार समुदाय के प्रमुख संगठनों की ओर से प्रधानमंत्री मोदी को ‘सरदार रत्न’ पुरस्कार से भी सम्मानित किया जाएगा। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

Exit mobile version