नेशनल डेस्क। नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। देश के सबसे अहम पदों पर बैठे इन नेताओं की यह मुलाकात राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बनी हुई है। मुलाकात की कुछ तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें तीनों नेता साथ नजर आ रहे हैं। फिलहाल यह साफ नहीं हुआ है कि इस मुलाकात के दौरान किन मुद्दों पर बातचीत हुई। सरकार की ओर से या राष्ट्रपति भवन से कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Prime Minister Shri @narendramodi called on President Droupadi Murmu at Rashtrapati Bhavan. pic.twitter.com/i6NdTtSDD9
— President of India (@rashtrapatibhvn) August 3, 2025
पीएम मोदी की विदेश यात्रा के बाद पहली भेंट
हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी यूनाइटेड किंगडम (UK) और मालदीव की यात्रा से लौटे हैं। इस विदेश दौरे के बाद यह उनकी राष्ट्रपति से पहली औपचारिक मुलाकात है।
21 जुलाई को उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दिया था इस्तीफा
21 जुलाई 2025 को भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद चुनाव आयोग ने 1 अगस्त को उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान किया। वोटिंग 9 सितंबर को होगी।
मुलाकात के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज
उपराष्ट्रपति चुनाव से पहले पीएम मोदी और अमित शाह की राष्ट्रपति से यह मुलाकात कई राजनीतिक सवाल खड़े कर रही है। ऐसा माना जा रहा है कि यह बातचीत उपराष्ट्रपति पद को लेकर भी हो सकती है, हालांकि इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है।
पहले भी मिल चुके हैं पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 16 जुलाई 2025 को भी राष्ट्रपति मुर्मू से मिले थे। यह मुलाकात संसद के मानसून सत्र से पहले हुई थी। उस समय भी इस भेंट को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई गई थीं।
धनखड़ के इस्तीफे पर उठे थे सवाल
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे ने भी राजनीतिक हलचल मचा दी थी। लोगों को यह समझ नहीं आया कि उन्होंने ऐसा फैसला क्यों लिया। बाद में धनखड़ ने खुद बयान जारी कर कहा कि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से यह निर्णय लिया है।

