Site icon Dainik Savera Times

PM Modi भ्रष्टाचार का स्कूल’ चला रहे, ‘एंटायर करप्शन साइंस विषय पढ़ा रहे : Rahul Gandhi

INDIA Alliance

INDIA Alliance

नई दिल्लीः कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने चुनावी बॉण्ड से जुड़े मुद्दे का हवाला देते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘‘भ्रष्टाचार का स्कूल’’ चला रहे हैं और ‘‘चंदे का धंधा’’ समेत प्रत्येक अध्याय वह खुद विस्तार से पढ़ा रहे हैं। उन्होंने पार्टी की ओर से जारी एक वीडियो विज्ञापन सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा करते हुए प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। इस विज्ञापन में चुनावी बॉण्ड के मुद्दे का उल्लेख किया गया है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया, नरेन्द्र मोदी देश में ‘भ्रष्टाचार का स्कूल’ चला रहे हैं जहां ‘एंटायर करप्शन साइंस विषय के तहत ‘चंदे का धंधा’ समेत प्रत्येक अध्याय वह खुद विस्तार से पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छापा डालकर चंदे की वसूली कैसे होती है, चंदा लेकर ठेका कैसे बांटा जाता है, भ्रष्टाचारियों को शुद्ध करने वाली वाशिंग मशीन कैसे काम करती है, एजेंसियों को वसूली एजेंट बनाकर ‘बेल और जेल’ का खेल कैसे होता है, इनके बारे में पढ़ाया जा रहा है।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि ‘‘भ्रष्टाचारियों का अड्डा’’ बन चुकी भाजपा ने अपने नेताओं के लिए इस ‘क्रैश कोर्स’ को अनिवार्य कर दिया है, जिसकी कीमत देश चुका रहा है। उन्होंने कहा, कि इंडिया गठबंधन की सरकार, भ्रष्टाचार के इस स्कूल पर ताला लगाकर इस कोर्स को हमेशा के लिए बंद कर देगी।

Exit mobile version