PM Modi Israel Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इजरायल यात्रा आज अपने अंतिम चरण में प्रवेश कर गई है। दो दिवसीय इस दौरे का केंद्र बिंदु भारत और इजरायल के बीच रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देना है। पहले दिन जहां कूटनीतिक गर्मजोशी और ऐतिहासिक क्षणों ने सुर्खियां बटोरीं, वहीं आज का दिन भावनात्मक और निर्णायक बैठकों के नाम रहने वाला है।
पहले दिन दिखी असाधारण गर्मजोशी
नरेंद्र मोदी के इजरायल पहुंचते ही जिस तरह स्वागत हुआ, उसने दोनों देशों की नजदीकियों को स्पष्ट कर दिया। इज़रायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू अपनी पत्नी के साथ प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। यह इशारा था कि यह यात्रा महज औपचारिक नहीं, बल्कि विशेष महत्व रखती है।
पीएम मोदी ने इज़रायली संसद नेसेट को संबोधित किया। ऐसा करने वाले वे पहले भारतीय प्रधानमंत्री बने। इस दौरान उन्हें नेसेट के सर्वोच्च सम्मान से भी नवाज़ा गया। अपने भाषण में उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई, तकनीकी सहयोग और लोकतांत्रिक मूल्यों पर आधारित रिश्तों को और मजबूत करने की बात कही।
डिनर में सांस्कृतिक सरप्राइज
बुधवार रात आयोजित राजकीय रात्रिभोज ने भी चर्चा बटोरी। नेतन्याहू ने पीएम मोदी के सम्मान में पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर उनका स्वागत किया। जैसे ही मोदी डिनर स्थल पर पहुंचे, अपने समकक्ष को भारतीय वेशभूषा में देखकर वे मुस्कुराए बिना नहीं रह सके। नेतन्याहू ने इस क्षण का एक वीडियो सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किया और हिंदी में लिखा कि उन्होंने “अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंकाया।”
हमारे संयुक्त रात्रिभोज से पहले, मैंने अपने मित्र प्रधानमंत्री मोदी को पारंपरिक भारतीय परिधान पहनकर चौंका दिया। 🇮🇱🇮🇳@narendramodi pic.twitter.com/3ElIQeLY97
— Benjamin Netanyahu – בנימין נתניהו (@netanyahu) February 25, 2026
इससे पहले एयरपोर्ट स्वागत के दौरान नेतन्याहू की पत्नी ने भी भारतीय रंगों से प्रेरित परिधान पहनकर सांस्कृतिक जुड़ाव का संदेश दिया था।
आज का कार्यक्रम: इतिहास, कूटनीति और समझौते
दौरे के दूसरे दिन पीएम मोदी और नेतन्याहू संयुक्त रूप से याद वाशेम स्मारक जाएंगे। यह स्थल होलोकॉस्ट के पीड़ितों की स्मृति में बना है और विश्वभर के नेताओं के लिए श्रद्धांजलि का महत्वपूर्ण स्थान माना जाता है। यहां पीएम मोदी रिमेम्ब्रेंस हॉल में पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। इसके बाद वे इज़रायल के राष्ट्रपति इसाक हरजोग से मुलाकात करेंगे। दिन में नेतन्याहू के साथ विस्तृत द्विपक्षीय वार्ताएं निर्धारित हैं। इन बैठकों में रक्षा, आंतरिक सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, साइबर टेक्नोलॉजी, कृषि नवाचार और व्यापार विस्तार जैसे क्षेत्रों में कई समझौता ज्ञापनों (MoUs) पर हस्ताक्षर होने की संभावना है।