Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

बिहार में सिर चढ़कर बोला PM MODI का जादू, जहां-जहां की रैलियां, वहां NDA की बल्ले-बल्ले

November 14, 2025

बिहार में सिर चढ़कर बोला PM MODI का जादू, जहां-जहां की रैलियां, वहां NDA की बल्ले-बल्ले

नई दिल्ली। बिहार में 243 विधानसभा सीटों पर आ रहे रुझानों में एनडीए बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है, जबकि महागठबंधन को करारा झटका लगता नजर आ रहा है। शुक्रवार दोपहर 2.40 बजे तक भाजपा 92 और जदयू 80 सीटों पर आगे है। खास बात यह है कि बिहार चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जादू साफ-साफ देखने को मिला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार में जहां-जहां रैलियां की, वहां पर भाजपा और एनडीए गठबंधन को फायदा मिला। पीएम मोदी ने राज्य में 14 रैलियां और एक रोड शो किया, जिसका असर अब रुझानों में साफ नजर आ रहा है और इससे साफ पता चल रहा है कि भाजपा के साथ उनके गठबंधन सहयोगियों को इसका लाभ मिलता दिख रहा है।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में जहां-जहां चुनावी रैलियों को संबोधित किया, वहां-वहां जनता ने जमकर मतदान किया और इसकी गवाही चुनाव आयोग के आंकड़े दे रहे हैं। पीएम मोदी ने अपनी चुनावी रैली की शुरुआत भारत रत्न ‘जननायक’ कर्पूरी ठाकुर के पैतृक गांव समस्तीपुर से की थी। समस्तीपुर में पहले चरण में वोटिंग हुई और यहां 70 फीसदी से अधिक मतदान हुआ। इसी सीट से एनडीए प्रत्याशी और जेडीयू नेता अश्वमेध देवी 12 हजार से ज्यादा वोटों से आगे चल रही है।

इसी दिन पीएम मोदी ने बेगूसराय में भी जनसभा को संबोधित किया और यहां पर 69.87 प्रतिशत वोटिंग हुई। इसके बाद 30 अक्टूबर को पीएम मोदी ने मुजफ्फरपुर और छपरा में जनसभाओं को संबोधित किया। दोनों जगहों पर पहले चरण में मतदान हुए। मुजफ्फरपुर में 71.81 प्रतिशत और छपरा में 63.86 प्रतिशत वोटिंग हुई। चुनाव आयोग के मुताबिक, रुझानों में मुजफ्फरपुर में भाजपा प्रत्याशी रंजन कुमार 18 हजार वोट से आगे चल रहे हैं।

पीएम मोदी ने अपनी चुनावी सभा में इंडी गठबंधन पर छठी मैया का अपमान करने का आरोप लगाया है, जिसका फायदा भी चुनाव परिणामों के रुझान में साफ नजर आ रहा है। 2 नवंबर को पीएम मोदी ने नवादा और आरा (भोजपुर) में दो जनसभाए कीं। इसके अलावा पटना में इसी दिन उन्होंने रोड शो भी किया। नवादा में 57.86 प्रतिशत, आरा (भोजपुर) में 59.90 प्रतिशत और पटना में 59.02 प्रतिशत वोटिंग हुआ। रुझानों में नवादा से एनडीए प्रत्याशी और जेडीयू नेता विभा देवी आगे चल रही हैं।

पटना के विधानसभा सीटों की बात की जाए तो मोकामा में जदयू के प्रत्याशी अनंत सिंह अब निर्णायक बढ़त की ओर जाते दिख रहे हैं, बख्तियारपुर से लोजपा (रामविलास) के अरुण कुमार आगे हैं, जबकि दीघा से भाजपा के संजीव चौरसिया, बांकीपुर से बिहार के मंत्री नितिन नबीन, कुम्हरार से भाजपा के संजय कुमार आगे हैं। पटना साहिब से भाजपा प्रत्याशी रत्नेश कुमार आगे चल रहे हैं।

पहले चरण का चुनाव प्रचार थमने के बाद तीन नवंबर को प्रधानमंत्री ने कटिहार और सहरसा में रैली को संबोधित किया। कटिहार में 79.10 प्रतिशत और सहरसा में 69.38 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद पीएम मोदी ने दूसरे चरण की सीटों के लिए भागलपुर और अररिया में चुनावी रैली को संबोधित किया। 11 नवंबर को मतदान हुआ जिसमें भागलपुर में 67.75 प्रतिशत और अररिया में 70.62 प्रतिशत लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। भागलपुर में भाजपा प्रत्याशी रोहित पांडे रुझानों में आगे चल रहे हैं। वहीं, अररिया से एनडीए प्रत्याशी और जेडीयू नेता शगुफ्ता अजीम आगे चल रही हैं।

ये भी पढ़ेंः Bihar Election Result LIVE: बिहार में NDA की बहार, रुझानों में बंपर बहुमत, तेजस्वी फिर पीछे, जानें कहां से कौन आगे-पीछे

7 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी ने भभुआ (कैमूर) और औरंगाबाद में जनसभाओं को संबोधित किया। भभुआ (कैमूर) में 68.57 प्रतिशत वोटिंग हुई, वहीं औरंगाबाद में 65.47 प्रतिशत मतदान हुआ। 8 नवंबर को पीएम मोदी ने बेतिया और सीतामढ़ी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। मतदान के दौरान बेतिया (पश्चिमी चंपारण) में 71.38 प्रतिशत और सीतामढ़ी में 67.21 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।

चुनाव की वोटिंग और रुझानों से स्पष्ट हो जाता है कि बिहार विधानसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का काफी असर हुआ है। बिहार चुनाव के लिए दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को वोट डाले गए थे। चुनाव आयोग के मुताबिक पहले चरण में 64 प्रतिशत से ज्यादा मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया, जबकि दूसरे चरण में 68 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें