Last Updated: September 20, 2026

Dainik Savera Times Logo

देशवासियों से ‘मन की बात’ कर रहे PM मोदी, कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया याद

July 26, 2026

देशवासियों से ‘मन की बात’ कर रहे PM मोदी, कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को किया याद

PM Modi Mann Ki Baat Live: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 136वें एपिसोड के माध्यम से देशवासियों को संबोधित किया। यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे प्रसारित किया गया, जिसे देशभर के लोगों ने रेडियो, दूरदर्शन और प्रधानमंत्री के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सुन रहे हैं। ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री समय-समय पर देश के लोगों से जुड़ते हैं। इस दौरान वे समाज, संस्कृति, पर्यावरण, विज्ञान, खेल, शिक्षा और देशहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने विचार साझा करते हैं। साथ ही, देश के अलग-अलग हिस्सों से लोग अपने सुझाव, अनुभव और प्रश्न भी प्रधानमंत्री तक पहुंचाते हैं।

कारगिल विजय दिवस पर वीर सैनिकों को श्रद्धांजलि
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी ने कारगिल विजय दिवस का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कुछ तारीखें ऐसी होती हैं जिन्हें याद रखने के लिए कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं पड़ती और 26 जुलाई उन्हीं खास दिनों में से एक है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दिन देश के लिए गर्व और सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल युद्ध में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों और देश की रक्षा करने वाले सभी बहादुर सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि हमारे जवानों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की वजह से भारत ने कारगिल युद्ध में ऐतिहासिक विजय हासिल की थी। उनका यह त्याग आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरित करता रहेगा।

रक्षा क्षेत्र में भारत लगातार बना रहा नई पहचान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज भारत रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। पहले जहां देश रक्षा उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर अधिक निर्भर था, वहीं अब भारत खुद आधुनिक हथियार और रक्षा तकनीक विकसित कर रहा है।
उन्होंने बताया कि भारत का रक्षा निर्यात भी लगातार बढ़ रहा है। दुनिया के कई देश अब भारत में बने रक्षा उपकरणों और आधुनिक तकनीक पर भरोसा जता रहे हैं। यह देश के लिए गर्व की बात है और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि भी है।

‘कैच द रेन’ अभियान में लोगों की बढ़ती भागीदारी
प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ के पिछले एपिसोड का भी उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने ‘कैच द रेन’ अभियान की चर्चा की थी। उन्होंने कहा कि इस अभियान का संदेश बहुत सरल है—जब भी बारिश हो, तब बारिश के पानी को व्यर्थ बहने देने के बजाय उसे वहीं पर सुरक्षित संचित किया जाए।
उन्होंने बताया कि 4 जुलाई से पूरे देश में इस अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण करना और भविष्य के लिए पानी बचाना है।

गांव से शहर तक लोगों ने निभाई जिम्मेदारी
प्रधानमंत्री मोदी ने खुशी जताते हुए कहा कि इस अभियान में देशभर के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। चाहे गांव हों या शहर, हर जगह नागरिकों ने वर्षा जल संरक्षण के लिए सकारात्मक प्रयास किए हैं। लोगों ने तालाबों की सफाई, जलाशयों के निर्माण, वर्षा जल संचयन और अन्य जल संरक्षण गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी दिखाई है।

उन्होंने कहा कि यदि हर नागरिक पानी बचाने का संकल्प ले, तो आने वाले समय में जल संकट जैसी समस्याओं से काफी हद तक बचा जा सकता है।
देशवासियों से जनभागीदारी का आह्वान

अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विकास में हर नागरिक की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने लोगों से समाज और पर्यावरण से जुड़े ऐसे अभियानों में लगातार सहयोग करने और देशहित में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की। प्रधानमंत्री ने विश्वास जताया कि जनभागीदारी से भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुएगा।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें