Last Updated: November 6, 2026

Dainik Savera Times Logo

मन की बात में बोले PM मोदी, अहमदाबाद ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने वाला प्रमुख शहर, लोगों से पेड़ लगाने की अपील

April 27, 2025

मन की बात में बोले PM मोदी, अहमदाबाद ग्लोबल वार्मिंग से लड़ने वाला प्रमुख शहर, लोगों से पेड़ लगाने की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम के 121वें एपिसोड को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने एक पेड़ मां के नाम अभियान की सराहना की। पीएम मोदी का कहना है कि 140 करोड़ नागरिकों की एकजुटता से देश में 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। पीएम मोदी ने देशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे देश की सबसे बड़ी ताकत हमारे 140 करोड़ नागरिक हैं, उनकी योग्यता है, उनकी इच्छाशक्ति है। जब करोड़ों लोग एक साथ किसी अभियान से जुड़ते हैं, तो उसका प्रभाव बहुत बड़ा होता है। इसका एक उदाहरण एक पेड़ मां के नाम अभियान है। यह अभियान उस मां के नाम है, जिसने हमें जन्म दिया है और यह उस धरती मां के लिए भी है जो हमें अपनी गोद में धारण किए रहती है।

पीएम मोदी ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर इस अभियान के एक साल पूरे हो रहे हैं। इस एक साल में इस अभियान के तहत देश-भर में मां के नाम पर 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। भारत की इस पहल को देखते हुए, देश के बाहर भी लोगों ने अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाए हैं। आप भी इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि एक साल पूरा होने पर, अपनी भागीदारी पर आप गर्व कर सकें।

उन्होंने कहा कि पेड़ों से शीतलता मिलती है, पेड़ों की छांव में गर्मी से राहत मिलती है, यह हम सब जानते हैं। लेकिन बीते दिनों मैंने इसी से जुड़ी एक और ऐसी खबर देखी जिसने मेरा ध्यान खींचा। पीएम मोदी ने कहा कि गुजरात के अहमदाबाद शहर में पिछले कुछ वर्षों में 70 लाख से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। इन पेड़ों ने अहमदाबाद में हरियाली का क्षेत्र काफी बढ़ा दिया है। इसके साथ-साथ, साबरमती नदी पर रिवर फ्रंट बनने से और कांकरिया झील जैसे कुछ झीलों के पुनर्नर्मिाण से यहां वाटर बॉडीज की संख्या भी बढ़ गई है। अब न्यूज रिपोर्ट्स कहती हैं कि बीते कुछ वर्षों में अहमदाबाद ग्लोबल वार्मगिं से लड़ाई लड़ने वाले प्रमुख शहरों में से एक हो गया है। इस बदलाव को, वातावरण में आई शीतलता को, वहां के लोग भी महसूस कर रहे हैं। अहमदाबाद में लगे पेड़ वहां नई खुशहाली लाने की वजह बन रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि मेरा आप सबसे फिर आग्रह है कि धरती की सेहत ठीक रखने के लिए, जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए और अपने बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के लिए एक पेड़-मां के नाम पेड़ जरूर लगाएं।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें