Last Updated: November 4, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi ने गुरुवायूर में भगवान कृष्ण के मंदिर में की पूजा-अर्चना

January 17, 2024

PM Modi ने गुरुवायूर में भगवान कृष्ण के मंदिर में की पूजा-अर्चना

त्रिशूर (केरल) : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने केरल के गुरुवायूर में विख्यात भगवान कृष्ण मंदिर में बुधवार को पूजा-अर्चना की और अभिनेता से नेता बने सुरेश गोपी की बेटी की शादी में शामिल हुए जिसमें मलयालम सिनेमा के बड़े सितारे भी मौजूद रहे। प्रधानमंत्री पूजा के दौरान पारंपरिक परिधान ‘मुंडू’ और ‘वेष्टि’ (सफेद शॉल) धारण किए हुए थे। पीएम मोदी ने इसके बाद अपने परिधान बदले और गोपी की बेटी की शादी में शामिल हुए।

सुरक्षा व्यवस्था के लिए मंदिर में तैनात एक पुलिस अधिकारी ने एक टीवी चैनल को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर-वधू को मालाएं दीं जो उन्होंने एक-दूसरे को पहनाईं। अधिकारी ने बताया कि इस अवसर पर ममूटी, मोहनलाल और दिलीप समेत कई फिल्मी सितारे भी वहां मौजूद रहे और प्रधानमंत्री ने सभी से बातचीत की। उन्होंने बताया कि मोदी ने गोपी की बेटी की शादी से पहले सुबह मंदिर में शादी करने वाले एक अन्य जोड़े को आशीर्वाद दिया और मिठाई खिलाई।

प्रधानमंत्री के दौरे के कारण मंदिर में सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। मोदी सुबह करीब 7.35 बजे हेलीकॉप्टर से गुरुवायूर पहुंचे। उनका हेलीकॉप्टर श्रीकृष्ण कॉलेज मैदान पर उतरा जहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सैंकड़ों समर्थक और कार्यकर्ता घंटों से उनके स्वागत में खड़े थे। पीएम मोदी के स्वागत के लिए हेलीपैड पर मौजूद लोगों ने भाजपा के झंडे लहराए। उन्होंने पार्टी के रंग की टोपियां पहनी हुई थीं।हेलीपैड से प्रधानमंत्री मोदी श्रीवलसम अतिथि गृह गए जहां उन्होंने मंदिर में पूजा करने से पहले केरल का पारंपरिक परिधान पहना।

प्रधानमंत्री कोच्चि लौटने से पहले त्रिशूर जिले के ‘त्रिप्रयार श्री राम स्वामी मंदिर’ में पूजा-अर्चना करेंगे। वह कोच्चि में केंद्र सरकार और पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। मोदी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार शाम को राज्य में पहुंचे थे। पीएम मोदी ने मंगलवार को कोच्चि में एक विशाल रोड शो भी किया। यह इस बात का संकेत था कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रधानमंत्री की लोकप्रियता के आधार पर दक्षिणी राज्य में बढ़त बनाने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें