Site icon Dainik Savera Times

हरियाणा की डबल इंजन सरकार की पीएम मोदी ने की खुलकर तारीफ

जींद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से हरियाणा सरकार की कार्यशैली की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश की डबल इंजन सरकार सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर तेज़ी से आगे बढ़ रही है। हरियाणा सरकार युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार प्रभावी काम कर रही है। बिना खर्ची-पर्ची के सरकारी नौकरियां देकर एक नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है।

देश की पहली हाइड्रोजन ईंधन आधारित यात्री ट्रेन को हरी झंडी दिखाने के बाद आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा अब विकास की नई रफ्तार पकड़ चुका है। खेती और उद्योग के दो मजबूत पहियों पर प्रदेश आगे बढ़ रहा है। बिना खर्ची-पर्ची नौकरी देने का रास्ता आसान नहीं था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे करके दिखाया है। आज हरियाणा देश के लिए एक मिसाल बनकर उभरा है।

जींद अब इतिहास में दर्ज हो गया
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन हरियाणा के लिए ऐतिहासिक है। देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन जींद से शुरू हुई है। आने वाले समय में जब भी भारत में हाइड्रोजन ट्रेन की चर्चा होगी तो जींद, सोनीपत और हरियाणा का नाम गर्व के साथ लिया जाएगा। जैसे भारत की पहली रेलगाड़ी बॉम्बे से ठाणे के बीच चलने के कारण इतिहास में दर्ज है, उसी तरह भविष्य में हाइड्रोजन ट्रेन के इतिहास में हरियाणा की पहचान हमेशा बनी रहेगी।

14 हजार करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन के अलावा हरियाणा को 14 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाएं भी मिली हैं। इनमें रेलवे, राष्ट्रीय राजमार्ग, विरासत संरक्षण और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं। प्रदेश को दो नए मेडिकल कॉलेज भी समर्पित किए गए हैं। जिससे युवाओं को डॉक्टर और अन्य मेडिकल प्रोफेशनल बनने के अधिक अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी।

 

Exit mobile version