Last Updated: September 21, 2026

Dainik Savera Times Logo

PM Modi आज सिक्किम और बंगाल को देंगे कई परियोजनाओं की सौगात

May 29, 2025

PM Modi आज सिक्किम और बंगाल को देंगे कई परियोजनाओं की सौगात

PM Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गंगटोक में सिक्किम राज्य के स्वर्ण जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इसके बाद वो पश्चिम बंगाल के अलीपुरदुआर और कूचबिहार जाएंगे। ‘सिक्किमएट50: जहां प्रगति उद्देश्य से मिलती है और प्रकृति विकास को बढ़ावा देती है’ थीम के तहत यह आयोजन होगा। यह समारोह 1975 में सिक्किम के एक जनमत संग्रह के बाद भारत के 22वें राज्य बनने की याद में मनाया जाएगा। इसके परिणामस्वरूप तत्कालीन चोग्याल साम्राज्य का भारतीय संघ में विलय हुआ था।

भारत का दूसरा सबसे छोटा राज्य सिक्किम, 16 मई 1975 को पूर्ण राज्य बना था। इसके साथ ही संविधान के अनुच्छेद 371एफ के तहत सिक्किम की अनूठी सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और रीति-रिवाजों को संरक्षित करने की विशेष व्यवस्था की गई।पिछले पांच दशकों में सिक्किम ने पर्यावरण-अनुकूल शासन और हरित पहलों के लिए राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है, जो इसे सतत विकास का मॉडल बनाता है। सिक्किम सरकार ने सुनाउलो, समृद्ध और समर्थ सिक्किम थीम के तहत एक साल तक चलने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला की योजना बनाई है, जो पूवरेत्तर राज्य की सांस्कृतिक समृद्धि, परंपरा, प्राकृतिक वैभव और इतिहास का सार मनाएगी।

पीएम मोदी अपने दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे, जिसमें नामची जिले में 750 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाला एक नया 500-बेड वाला जिला अस्पताल, ग्यालशिंग जिले के पेलिंग के सांगाचोलिंग में एक यात्री रोपवे, गंगटोक जिले के संगखोला में अटल अमृत उद्यान में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की एक प्रतिमा की स्थापना शामिल हैं।

इसके अलावा, प्रधानमंत्री सिक्किम के 50 साल पूरे होने पर स्मारक सिक्का, स्मारिका सिक्का और डाक टिकट भी जारी करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी को मूल रूप से 16 मई को राज्य दिवस समारोह में भाग लेने के लिए निर्धारित किया गया था, लेकिन 22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के कारण यह दौरा स्थगित कर दिया गया था।

सिक्किम के बाद प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार का दौरा करेंगे, जहां वे अलीपुरद्वार और कूच बिहार जिलों में सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (सीजीडी) परियोजना की आधारशिला रखेंगे।

खबरें और भी हैं...

Copyright © 2025 Dainik Savera Times. All rights reserved.
ऐप खोलें