Site icon Dainik Savera Times

PM Modi ने ‘मन की बात’ में की हनुमानकाइंड की तारीफ, जानिए- कौन हैं ये, क्या है उनके गाने ‘Run It Up’ में खास?

Hanumankind : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 120वें एपिसोड में रैपर हनुमानकाइंड के गाने ‘रन इट अप’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ये नाम अब किसी पहचान का मोहताज नहीं है और दुनिया भर में लोग इनके फैन है। आइए विस्तार से जानते हैं कौन हैं हनुमानकाइंड और क्या है ‘रन इट अप’ में खास।

रेडियो कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने कहा, “हमारे स्वदेशी खेल अब लोकप्रिय हो रहे हैं और कल्चर के रूप में घुल-मिल रहे हैं। आप सभी मशहूर रैपर हनुमानकाइंड को तो जानते ही होंगे। आजकल उनका नया गाना ‘रन इट अप’ काफी फेमस हो रहा है। इसमें कलारीपयट्टू, गतका और थांग-ता जैसी हमारी पारंपरिक मार्शल आर्ट्स को शामिल किया गया है।”

बता दें, हनुमानकाइंड का रैप सॉन्ग ‘रन इट अप’ कुछ समय से सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि दुनियाभर में छाया हुआ है। हालांकि, रैपर का असली नाम हनुमानकाइंड नहीं है। उनका असली नाम सूरज चेरुकट है। 17 अक्टूबर 1992 को केरल के मलप्पुरम में जन्मे सूरज भारत के साथ ही इटली, नाइजीरिया, दुबई, सऊदी अरब समेत अन्य कई देशों में अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं।

जानकारी के अनुसार, महज 15 साल की उम्र से वह अपने दोस्तों के साथ रैप करना शुरू कर चुके थे। उन्हें स्टेज के नाम हनुमानकाइंड से लोकप्रियता मिली।

एक साक्षात्कार के दौरान उन्होंने अपने नाम के पीछे का किस्सा भी सुनाया था। सूरज ने बताया, “मैंने हनुमान और अंग्रेजी शब्द मैनकाइंड यानी मानवता को जोड़कर अपना ये नाम रखा था। हनुमान एक ऐसा नाम है, जिसे आप भारत में हर जगह सुन सकते हैं।”

7 मार्च 2025 को रिलीज हुए हनुमानकाइंड के नए गाने रन इट अप में भारतीय संस्कृति की झलक मिलती है, भारत की विविधता के दर्शन होते हैं। इसमें विभिन्न राज्यों की लोक और मार्शल आर्ट की झलक दिखती है। रन इट अप में केरल का कलारीपयट्टू, चेंडामेलम, गरुड़न परावा, कंदन्नार केलन और वेल्लाट्टम के साथ ही महाराष्ट्र का मार्शल आर्ट मर्दानी खेल, पंजाबी मार्शल आर्ट गदका और मणिपुरी पारंपरिक मार्शल आर्ट थांग ता भी दिखाया गया है।

Exit mobile version